समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। 101.9 एफएम बैंड आकाशवाणी केंद्र अयोध्या की ओर से आज मवई ब्लॉक के ग्राम संडवा में आकाशवाणी गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।ग्राम निवासी ड्रोन दीदी सबीना खातून के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को कृषि संबंधी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई।
आकाशवाणी के कार्यक्रम प्रमुख संजय धर द्विवेदी ने बताया कि इस दौरान ग्रामीण और किसानों को समय के अनुसार फसल के बीज की बुवाई करने, कीटनाशक से फसल को बचाने, जैविक खाद का प्रयोग करने और कोहरे के दौरान फसल की सुरक्षा के लिए राख इत्यादि का छिड़काव करने संबंधी कई विषयों की जानकारी दी गई।
उप कृषि निदेशक पी.के. कनौजिया,जिला कृषि अधिकारी ओम प्रकाश मिश्रा और कृषि विज्ञान केंद्र मसौधा के अध्यक्ष बीपी शाही ने किसानों को सरकार और विभाग की ओर से संचालित कई योजनाओं को बताया।उन्होंने किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण भी किया। आकाशवाणी गांव में कार्यक्रम के दौरान आकाशवाणी अयोध्या के कार्यक्रम अधिशासी जयंत पटेल, राम प्रकाश पाण्डेय,विशाल, बलराम मौजूद रहे।कार्यक्रम प्रमुख श्री द्विवेदी ने बताया कि आकाशवाणी गांव में की गई कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग का प्रसारण 22 नवंबर को किसानवाणी कार्यक्रम में शाम 6:45 से किया जाएगा,जिसे 101.9 एफएम बैंड और आकाशवाणी के ऑफिशियल एप न्यूज ऑन एआईआर पर भी सुना जा सकेगा।
