मेड़ काटने के विवाद में चले लाठी-डंडों में घायल की उपचार के दौरान मौत

 दो का अभी भी चल रहा है उपचार, घटना के बाद परिजनों में मचा कोहराम
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। मेड़ काटने का विरोध करने पर दबंगों ने युवक व उसके स्वजनों को घर में घुसकर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से घायल कर दिया। जिससे तीन सगे भाई घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही स्वजन बिलखने लगे। पुलिस ने शव पीएम हेतु भेज दिया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव नाजिर नगला निवासी महेंद्र पाल यादव ने बताया कि छ: दिन पूर्व शाम वह अपने खेत पर गए थे। उसी समय परिवार के ही सुग्रीव सिंह ने मेड़ काट दी थी। विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगे थे। जिसके बाद वह घर चले आए। उन्होंने घर आकर भाइयों को मेड़ काटने की जानकारी दी। इसी बात का उलाहना देने पर सुग्रीव सिंह स्वजनों संतोष, बबलू, लालाराम, नरवीर, सत्यपाल उर्फ कल्लू स्वजनों को लेकर घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। भाई के मना करने पर उन्होंने लाठी-डंडे व फावड़े से हमला कर दिया। जिससे महेंद्र, रामरहीश व खेतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को लोहिया रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर खेतपाल को सैफई रेफर किया गया। पीडि़त की तहरीर पर दो दिन बाद आरोपितों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार दोपहर एक बजे खेतपाल यादव की मौत हो गईं। अन्य दो भाई महेंद्र व रामरहीश का इलाज जारी है। मौत की खबर मिलते ही स्वजन बिलखने लगे। मृतक की पत्नी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के तीन पुत्र प्रशांत, नन्हें व जय हंै। शव पीएम हेतु भेज दिया गया है। थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया शव पीएम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे की धाराओं को तरमीम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *