तीन सगे भाइयों सहित सात पर मुकदमा दर्ज, दो हिरासत में
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। मारपीट में घायल युवक की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस नें शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में तीन सगे भाईयों सहित 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव चपरा में जमीनी रंजिश को लेकर दबंगों ने दिनदहाड़े युवक को कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों के साथ घर मेंं घुसकर आधा दर्जन युवकों को मारपीट कर घायल कर दिया था। पीडि़त धीरज पुत्र ब्रजेश ने गांव के ही निवासी मुनेश्वर दयाल, साहबलाल, सालिगराम पुत्रगण रामदास, सुनील पुत्र अमर सिंह, रामसेवक पुत्र राजाराम, रामगोपाल पुत्र वीरसहाय व नीरज पुत्र राजू निवासी मढान के विरुद्ध 15 जनवरी को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें बताया गया कि दबंग के द्वारा शाम साढे सात बजे एक राय होकर मंजेश व कौशल को गाली-गलौज कर रहे थे। जब पीडि़त के भाई रामशंकर द्वारा गालियां देने से मना किया गया। इस बात से गुस्साएं दबंगों ने पीडि़त के भाई के साथ मारपीट कर दी। जब पीडि़त जान बचाकर घर के अन्दर घुस गया फिर भी दबंग नहीं माने और घर में घुसकर दबंगों ने पीडि़त समेत भाई राम शंकर को लाठी-डंडों व धारदार हथियारों के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। बचाने आये राधेश्याम, अवनेश, मंजेश व कौशल को भी घर के अन्दर ही काफी मारापीटा। चीख पुकार पर ब्रजेश व लक्ष्मन के मौके पर आ जाने से उपरोक्त लोग जान से मारने की धमकी देते हुये भाग गए थे। पीडि़त ने तहरीर में बताया कि साहबलाल के हाथ में टकोरा व सालिगराम के हाथ में कुल्हाड़ी थी व अन्य सभी के हाथों में लाठी-डण्डा थे। घायल होने पर पुलिस ने चार युवकों का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में कराया। रामशंकर की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहाँ से घायल को हायर सेंटर सैफई से कानपुर लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में युवक की मौत हो गई। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुँचकर थाना अध्यक्ष ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। उप निरीक्षक कल्लू सिंह ने मृतक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मृतक की मां विमला पत्नी सविता पुत्री पारूल पुत्र प्रांशू, हिमांशु का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष मीनेश पचौरी ने बताया कि साहबलाल, सालिगराम दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों को पकडऩे के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घायल युवक को कानपुर ले जाते समय रास्ते में हुई मौत
