अलाव की आग से अबोध सहित महिला जली

मां की हालत गंभीर, सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। भीषण सर्दी का दौर जारी है। इस भीषण सर्दी के दौर में आम जनमानस सुरक्षा के लिहाज से अपने -अपने घरों में अलाव के सहारे वक्त कट रहा है। कहीं-कहीं घरों के जलाया जाने वाला अलाव आम लोगों के लिए बबाल-ए-जान साबित हो रहा है। घटना के संबंध में बताया गया है थाना क्षेत्र के ग्राम मसूदपुर पट्टी निवासी राजेंद्र प्रसाद की पत्नी पुष्पा देवी उम्र 30 वर्ष भीषण सर्दी होने के कारण घर के अंदर शाम के वक्त अलाव जलाकर ताप रही थी। गोद में अबोध बच्चा था। धुआं लगने के कारण बच्चा रोने लगा, तो महिला बच्चे को संभालने लगी। इसी दौरान महिला की साड़ी के पल्लू में आग लग गई। देखते ही देखते साड़ी धू-धू कर जलने लगी। घबराई महिला ने जब आग बुझाने की कोशिश की, तो उसका एक माह का अबोध बच्चा भी आग में गिर गया। जिससे अबोध शिशु भी झुलस गया। चीख पुकार की आवाज सुन घर परिवार तथा आसपास मोहल्ले के लोगों ने जैसे-तैसे आग बुझाई, लेकिन महिला तथा महिला का अबोध शिशु गंभीर रूप से घायल हो चुका था। घटना की जानकारी के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में दोनो को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद लाया गया। जहां हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *