सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। प्राथमिक विद्यालय हजऱतपुर में बाल दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा चार के छात्र चंद्रसेन ने आत्मविश्वासपूर्ण और उत्कृष्ट तरीके से किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि गणेश कुमार तथा सहायक अध्यापक सुमित कुमार द्वारा माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर शिक्षक प्रदीप कुमार तथा अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सांस्कृतिक चरण में कक्षा चार के छात्र सुमित ने पंडित जवाहरलाल नेहरू पर एक प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत किया। जिसमें नेहरू के बाल प्रेम, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के संदेशों को प्रभावशाली ढंग से रखा गया। इसके बाद बच्चों ने कविता, गीत और अन्य प्रस्तुतियों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के पश्चात विद्यालय में कई खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। क्रिकेट प्रतियोगिता में चंद्रसेन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। खो-खो प्रतियोगिता में तान्या की टीम विजयी रही और उत्कृष्ट टीम वर्क का परिचय दिया। लूडो प्रतियोगिता में कुलदीप ने कड़ी प्रतिस्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। विजेता छात्रों को कार्यक्रम के अंत में सम्मानित किया गया। पूरे विद्यालय की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल बना दिया। आयोजन के दौरान बच्चों में आनंद, उत्साह और उत्साहवर्धक ऊर्जा देखने को मिली।
बाल दिवस पर स्कूलों में हुए प्रेरणादायक कार्यक्रम
