स्व.राकेश चंद्र कपूर उर्फ ‘पल्लू भइया’ मेमोरियल अयोध्या प्रीमियर लीग सीजन-10 का आयोजन 10 फरवरी से
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। खेल जगत में क्रिकेट के प्रति पूर्ण रूप से नि:स्वार्थ समर्पित ‘अयोध्या प्रीमियर लीग’ नई पौध के लिए किसी पाठशाला से कम नहीं है।इस पाठशाला के आंगन से गुजरे न जाने कितने खिलाड़ी आज जिले व प्रदेश का नाम रौशन कर रहे हैं।जिले में एक बार फिर अयोध्या प्रीमियर लीग के तत्वावधान में क्रिकेट की नई पौध के कोहिनूरों को निखारने का प्रयास किया जा रहा है,जो न केवल सराहनीय है बल्कि इस प्रयास के लिए अयोध्या प्रीमियर लीग के सभी पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं।गुरुवार को यह बातें शहर के एक होटल में आयोजित स्व. राकेश चंद्र कपूर उर्फ ‘पल्लू भइया’ मेमोरियल अयोध्या प्रीमियर लीग सीजन-10 की ट्रॉफी के अनावरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिता के प्रायोजक अयोध्या मार्बल के मलिक सैय्यद सलीम ने कही। प्रतियोगिता की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अयोध्या प्रीमियर लीग के फाउंडर सैय्यद सुभानी ने बताया कि डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस नौ दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 10 फरवरी से प्रारंभ होगा जो 18 फरवरी तक चलेगा।इस प्रतियोगिता में कुल बारह टीमें प्रतिभाग करेंगी जिसमें छह टीमें स्थानीय है तथा छह टीमें बाहर की है।उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 19 मैच खेले जाएंगे।बेस्ट बैटर व बॉलर को 21 हजार, विनर को 61 हजार,रनर को 41 हजार तथा मैन ऑफ द सीरीज पाने वाले खिलाड़ी को 5,100 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।समारोह को संबोधित करते हुए क्रिकेट के खेल में अंपायर के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके अपने समय के नामचीन खिलाड़ी सैय्यद आसिफ ने अयोध्या प्रीमियर लीग की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल के दौरान खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा आवश्यक है क्योंकि प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों कि आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती है। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव सुप्रीत कपूर ने कहा कि खेल, खिलाड़ियों में सद्भाव का विकास करता है।खिलाड़ी किसी भी धर्म का हो लेकिन यदि उसकी टीम जीत हासिल करती है तो टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को उतनी ही खुशी मिलती है जितनी एक बेटे की जीत पर एक मां को मिलती है।संरक्षक रोहित अग्रवाल ने पूर्व की भांति आयोजन को पूर्ण सहयोग व समर्थन देने की बात कही।आयोजन अध्यक्ष दीपेंद्र श्रीवास्तव ने प्रतियोगिता की तमाम तैयारियों के बारे में जानकारी दी।समारोह को दीपू मिश्रा सहित कई अन्य लोगों ने भी संबोधित करते हुए अयोध्या प्रीमियर लीग की उपलब्धियों के साथ आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।इस मौके पर मुख्य रूप से विवेक साहू,अमित श्रीवास्तव,गगन जायसवाल, अंकुश गुप्ता व स्वप्निल रस्तोगी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
