शनिवार को सुबह दस बजे रेलवे ट्रैक को किया गया सामान्य
चुनार। रेलवे स्टेशन यार्ड में प्रवेश करते समय शुक्रवार शाम डीएफसीसी के डाउन लाइन पर मालगाड़ी की उतरी तीन वैंगन को प्रयागराज व डीडीयू नगर की दुर्घटना राहत टीम द्वारा शनिवार को दस बजे रेलवे ट्रैक पर पर चढाया गया। बताते चले कि भटिंडा से चोपन जा रही मालगाड़ी जैसे ही चुनार जंक्शन के यार्ड में प्रवेश कर रही थी, उसी दौरान अचानक तीन वैंगन पटरी से उतर गईं।घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन अधीक्षक द्वारा उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना पाकर रेलवे के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रात में प्रयागराज और डीडीयू नगर से दुर्घटना राहत टीम मौके पर पहुंचकर पटरी उतरे मालगाड़ी के वैंगन को पटरी पर चढाने का काम शुरू किया।
हादसा चुनार रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे फाटक के पास हुआ, जिससे फाटक पूरी तरह बंद कर दिया गया। इस कारण चुनार नगर से मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया वाहन और पैदल यात्री लगभग दो घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। देर रात करीब आठ बजे क्रॉसिंग को राहगीरों को आने जाने के लिए खोल दिया गया।।
