भारी भीड़ देख पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। महाशिवरात्रि पर ऐतिहासिक पाण्डेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ रही। आस्था का जनसैलाब पूरे दिन उमड़ा रहा। सुबह से ही भक्तों ने पाण्डेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक दुग्ध, मेवा, बेलपत्री, धतूरा, फूल, प्रसाद आदि चढ़ाकर पूजन किया। शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। सुबह होते ही भक्तों ने पांचाल घाट पहुंचकर गंगा में स्नान किया। कई लोगों ने कांवड़ में जल भरकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। पाण्डेश्वरनाथ मंदिर में सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात रहा। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी पाण्डेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर पूजन किया और भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में काफी देर रुककर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुबह से ही लम्बी-लम्बी कतारे, पाण्डेश्वरनाथ मंदिर के अलावा रेलवे रोड के दोनों तरफ लगी हुई थी। पुलिस को भीड़ काबू करने के लिए पूरे दिन कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग ५ हजार से ज्यादा भक्तों ने मंदिर में भोलेबाबा के दर्शन किये।
रविवार सुबह चार बजे से ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। कपाट खुलते ही जल चढ़ाने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए लाइन लगवाकर श्रद्धालुओं से जलाभिषेक करवाना शुरू किया। सुबह करीब 9 बजे तक मंदिर के बाहर सडक़ के दोनों ओर भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। इस दौरान कांवडिय़ों ने भी पहुंचकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में बने श्री द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर के अंदर से लेकर बाहर तक पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अतिरिक्त, घुमना कोतवाली के पीछे स्थित श्री कोतवालेश्वरनाथ मंदिर, आवास विकास स्थित श्री भूतेश्वर नाथ मंदिर, पुराना कोठा पार्चा स्थित श्री द्वादश ज्योतिर्लिंग धाम, भैरवघाट स्थित श्री रामेश्वरनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही।
महाशिवरात्रि पर पाण्डेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक, हर-हर महादेव के गूंजते रहे उद्घोष
