जौनपुर: एक पति ने अपनी पत्नी की उसके प्रेमी से मंदिर में करवाई शादी

समृद्धि न्यूज। जौनपुर के एक दुर्गा मंदिर में मंगलवार की दोपहर एक ऐसी शादी हुई। जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को हैरान कर दिया। इस शादी में न कोई बैंड बाजा था, न बाराती, न कोई तामझाम, इसके बाद भी यह शादी चर्चा का विषय बन गई। दरअसल यहां एक पति ने पत्नी और उसके प्रेमी की शादी कराई और उन्हें आशीर्वाद देकर विदा किया।
जानकारी के मुताबिक सुइथाकलां क्षेत्र के जंगीपुर गांव में दुर्गा मंदिर में विवाहिता की दोबारा शादी संपन्न हुई। जंगीपुर निवासी अरविंद बिंद ने वर्ष 2023 में खेतासराय क्षेत्र की रीता से धूमधाम से शादी की थी। शादी के बाद कुछ समय तक रीता अपने ससुराल में रही। फिर पति अरविंद उसे नोएडा ले गया। वहां अरविंद को शक हुआ कि रीता किसी युवक से अक्सर फोन पर बात करती है। जब अरविंद ने पूछा तो रीता ने रिश्तेदार से बातचीत का हवाला देकर बात टाल दी। कुछ समय बाद रीता की तबीयत बिगड़ी और उसने मायके जाने की इच्छा जताई। अरविंद ने उसे मायके भेज दिया। कुछ समय तक दोनों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन फिर रीता का फोन बंद हो गया। ससुराल में पूछताछ करने पर पता चला कि वह अपनी बहन के घर चली गई है। काफी प्रयासों के बाद रीता को उसका पति घर लाया और उसे फिर से अपने साथ नोएडा ले गया। वहां रीता ने प्रेमी के बारे में सारी सच्चाई स्वीकार की और उसी के साथ रहने की जिद की। काफी समझाने के बाद भी जब रीता नहीं मानी, तो आखिरकार अरविंद ने उसकी खुशी को प्राथमिकता दी और नोएडा से उसे लेकर जौनपुर लौटा। दुर्गा मंदिर में रीता और उसके प्रेमी यशवंत बिंद की शादी करवा दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यशवंत अपनी होने वाली पत्नी को सिंदूर लगाते हुए दिख रहा है। अब यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। पति ने कहा कि शादी के बाद मुझे लगा था कि सब ठीक हो जाएगा, लेकिन जब मुझे समझ आ गया कि उसका मन किसी और के साथ है, तो मैंने वही रास्ता चुना जिसमें सबकी भलाई हो। मैं उसे जबरन नहीं रोकना चाहता था, इसलिए प्रेमी को मंदिर बुलाया और उन्हें विवाह के बंधन में बांध दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *