लोकसभा चुनाव के उपरांत पदमुक्त एवं हुए थे निलंबित
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गत दिनों संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी में लंबे समय से सक्रिय पूर्व राष्ट्रीय सचिव युवजन सभा जितेंद्र सिंह यादव सिरौली को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहद द्वारा बहाल कर पुन: राष्ट्रीय सचिव पद पर मनोनीत किया गया। लोकसभा चुनाव के दौरान जितेंद्र सिंह यादव सिरौली को जनपद में ही उन्हीं के गांव के किसी व्यक्ति द्वारा शिकायत के आधार पर छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा द्वारा पद मुक्त करने एवं निलंबन की संस्तुति कर युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहद को भेज दिया गया था। जिस पर उन्हें पद मुक्त कर निलंबित कर दिया था। पदमुक्त होने के बावजूद जितेंद्र यादव विभिन्न पार्टी के कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय दिखते रहे। जितेंद्र यादव ने पिछले दिनों सपा से लोकसभा प्रत्याशी रहे डॉ0 नवल किशोर शाक्य एवं जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाकात की थी। इस मुलाकात के उपरांत समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जितेंद्र यादव को पार्टी में दोबारा से अनुशासन में रहकर के कार्य करने हेतु निर्देशित किया था। इसी क्रम में युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहद ने पत्र जारी कर जितेंद्र यादव को पुन: युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव पद पर मनोनीत किया है। जैसे ही जितेंद्र यादव के समर्थकों को खबर मिली तो सैकड़ो की संख्या में उनके निवास स्थान सिरौली में उन्हें बधाई देने पहुंच गए। जितेंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने हमेशा समाजवादी पार्टी में निष्ठा के साथ कार्य किया है। वह पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके बूथ पर समाजवादी पार्टी भरी अंतर से इस लोकसभा चुनाव में जीती भी है। इस अवसर पर उनके समर्थक साजिद खान, गोपाल वर्मा, कमल सागर, अजय पाल सिंह, विजेन्द्र शाक्य, लाल यादव, ठा0 सनी सिंह, रामरहीम यादव, हरगोविन्द सिंह, रामविलास, विनोद यादव, कामेश यादव, बाबा यादव, विजनेश सिंह आदि ने उन्हें फूल माला पहनाकर मिठाई खिालाकर स्वागत किया। जितेंद्र यादव ने जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह के निवास पर पहुंचकर आशीर्वाद लिया और पत्र प्राप्त किया। इस अवसर पर उनके साथ जिला प्रवक्ता विवेक सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष शशांक सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष सौरव कटियार आदि लोग उपस्थित रहे।
जितेंद्र सिंह यादव सिरौली की पुन: राष्ट्रीय सचिव युवजन सभा पर बहाली
