फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नगर की प्रमुख साहित्यिक संस्था अभिव्यक्ति का निर्धारित कार्यक्रम लाल सराय स्थित कलमकार भवन प्रेस क्लब के सभागार में हुआ। कवि गोष्ठी की अध्यक्षता जनपद कन्नौज से आये वरिष्ठ साहित्यकार उमाशंकर वर्मा साहिल ने व संचालन वरिष्ठ गज़लकार नलिन श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम के संयोजक सर्वेन्द्र कुमार अवस्थी इंदु ने आये अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के सूत्रधार नरेंद्र श्रीवास्तव ने इन छोटे छोटे आयोजनों की श्रृंखला शुरू करने के पीछे की अपनी मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि वह नई पीढ़ी को साहित्य के संस्कार देना चाहते हैं इस कारण से यह कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। प्रत्येक कार्यक्रम में मदद कर नगर के पांच रचनाकारों को आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस श्रृंखला का यह चौथा कार्यक्रम है और निरंतर ही कार्यक्रम होते रहेंगे।
कवियत्री स्मृति अग्निहोत्री की वाणी वंदना से प्रारंभ हुए कार्यक्रम को कमालगंज से आए हुए युवा कवि जगमोहन गौतम ने गति प्रदान की और अपनी शानदार गज़़लों से वाहवाही अर्जित की। राष्ट्रीय कवि संगम के अध्यक्ष राम मोहन शुक्ला ने अपनी चिर परिचित शैली में विभिन्न रसों की रचनाएं सुनाईं। संस्था के समन्वयक उपकार मणि उपकार की सामाजिक विसंगतियों पर चोंच करती गज़़लों को सभी ने सराहा। स्मृति अग्निहोत्री की महाराणा प्रताप रचना सभी के सर पे चढक़र बोली। संचालन कर रहे नलिन श्रीवास्तव ने गज़़लें सुनाई तो सभागार वाह वाह कर उठा। उमाशंकर वर्मा की कविताओं ने शमां बांधने का काम किया। इन्दु अवस्थी ने सभी के प्रतिआभार जताया और भविष्य में भी सहयोग करते रहने की बात कही। इस अवसर पर अनेक साहित्य प्रेमी जनमौजूद रहे।
अभिव्यक्ति की काव्यगोष्ठी से कवितामय हुआ कलमकार भवन
