सिद्धिदात्री की पूजा के साथ नवदुर्गा ने पाया विराम, हुए कन्याभोज,

फर्रूखाबाद, समृद्धि न्यूज। शारदीय नवरात्र के नौवें दिन भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा के नौवें स्वरुप मां सिद्धिदात्री की विधि विधान से पूजा अर्चना की और कन्या भोज का आयोजन किया। मंदिरों में पहुंचकर भक्तों ने हलुआ पूड़ी का भोग लगाया और सर्व मंगल की कामना की। सोमवार को घर व मंदिरों में मां दुर्गा के नौवे स्वरुप मां सिद्धिदात्री की विधि विधान से पूजा अर्चना की एवं कन्याओं को भोज कराया गया। नगर के ऐतिहासिक मंदिर गुरुगांव देवी, बढ़पुर स्थित शीतला माता मन्दिर, रेलवे रोड स्थित मठिया देवी मन्दिर, भोलेपुर स्थित मां वैष्णो देवी मन्दिर, खतराना स्थित मां दुर्गा के मंदिर पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर मां को हलुआ, चना, पूड़ी, खीर का भोग लगाया। ऐतिहासिक द्वापर कालीन गुरुगांव देवी मन्दिर में भक्तों ने भारी भीड़ उमड़ी। पूरे दिन यहां पर भंडारा चलता रहा। जिसमें भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। यहां पर लगे मेले में भक्तों ने जमकर खरीददारी की। इसके अलावा बढ़पुर स्थित शीतला माता मन्दिर में मां की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से गया। यहां पर भक्तों ने पहुंचकर माथा टेंका और परिवार में सुख समृद्धि की कामना की। रेलवे रोड स्थित मठिया देवी मंदिर पर भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं तथा युवतियों ने भोर होते ही मंदिर में पहुंचकर मां सिद्धिदात्री की विधि विधान से पूजा अर्चना की। इसके अलावा भोलेपुर स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर पर भी भक्तों की भारी भीड़ दर्ज की गयी। भक्तों ने विधि विधान से मां सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना की और सर्व मंगल की कामना की। घरों में भी व्रती महिलाओं ने मां की पूजा अर्चना कर कन्याओं को भोज कराया और दक्षिणा दी। इसके अलावा नगर में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। जहां पर पूड़ी सब्जी, खीर, हलुआ चना आदि का वितरण होता रहा। भंडारा पूरे दिन चलता रहा। कई जगह भंडारे चलने के कारण शहर में जाम जैसी स्थिति दिखायी पड़ी। कुल मिलाकर पूरे दिन माहौल आध्यात्मिक बना रहा। इसी के साथ सोमवार को नवदुर्गा महोत्सव ने विराम पाया। वहीं पिछले आठ दिन से व्रत रखे भक्तों ने अपना व्रत तोड़ा। ———————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *