’करणी सेना योगी की सेना‘… सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रामजीलाल सुमन से आवास पर आकर किया पलटवार

  •  राणा सांगा पर बयान के बाद पहली बार आगरा में सपा के अध्यक्ष
  • राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर गिने चुने सपा कार्यकर्ताओं को मिली एंट्री

आगरा। राणा सांगा पर दिए विवादित बयान के बाद सपा राज्यसभा सांसद रामजीलाल के आवास पर करणी सेना ने हमला बोला था। इसके बाद शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव अपने सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर पहुंचे।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामजीलाल सुमन के आवास पर मीडिया से वार्ता करते हुए करणी सेना के प्रदर्शन पर कहा कि यह लखनऊ और दिल्ली में सत्ता में बैठे लोगों के वर्चस्व की लड़ाई थी। भोले-भाले लोगों को तलवारें पकड़ाकर आगे कर दिया गया। प्रदर्शन से यह संदेश दिया गया कि राजपूत योगी के साथ हैं। अखिलेश यादव ने करणी सेना को योगी सेना बताया। कहा, कि हिटलर लोगों की आवाज को दबाने के लिए अपनी सेना रखता था। सवाल उठाए कि इन्हें फंडिंग किसने की। योगी को कुछ नहीं आता है। आगरा से सामाजिक न्याय की लड़ाई शुरू करने की बात कही।

वक्फ बिल पर दिया ये जवाब

सपा मुखिया ने वक्फ बिल के सवाल पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट सही निर्णय लेगा। पीडीए के दम पर वर्ष 2027 में सरकार बनाने का दावा किया। थानों में ठाकुरों की पोस्टिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि सब जगह सिंह साहब बैठे हैं। भाजपा वालों को प्रभुत्ववादी और सामंतवादी कहा।

रामजीलाल सुमन को गोली मारने की धमकी दी जा रही

अखिलेश यादव ने कहा कि वह रामजीलाल सुमन के साथ हैं। उन्होंने राज्यसभा में जो कहा था, वह सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया था। उसे प्रसारित किसने किया। उन्हें गोली मारने की धमकी दी जा रही है। धमकी देने वाला भोला-भाला और मजदूर है। आगरा के लोगों को हिंसात्मक राजनीति का विरोध करना चाहिए। सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगरा को प्रतीकात्मक राजधानी बनाएंगे।

गिने चुने सपा कार्यकर्ताओं को एंट्री

अखिलेश यादव के आने पर रामजीलाल सुमन के घर के बाहर सपाइयों ने जमकर नारेबाजी की अखिलेश जिंदाबाद और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करे सपा कार्यकर्ता दिखे। सुमन के यहां सिर्फ चयनित लोगों को प्रवेश दिया गया है।

पुलिस का सख्त रहा पहरा

रामजीलाल सुमन के आवास को जाने वाले रास्तों पर पुलिस का सख्त पहरा है। एमजी रोड पर स्पीड कलर लैब से एचआईजी फ्लैट को आने वाले मार्ग पर बैरियर लगाए गए हैं। पॉपुलर साइकिल के बगल से स्थित रास्ते पर भी बैरियर लगाए गए हैं। लिस्ट से लोगों को मिल रहा है प्रवेश। मीडिया के नामों की भी एंट्री करने के बाद प्रवेश दिया गया। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री के आने के दौरान काफी पत्रकार बाहर रह गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *