एसटीएफ में नियुक्त आरक्षी के अथक प्रयास से बची व्यक्ति की जिंदगी
समृद्धि न्यूज़ लखनऊ। आज खाकी पर भले ही कहीं कहीं आरोप लग जाए लेकिन हकीकत यह है कि खाकी अगर कहीं सख्ती दिखाती है तो कहीं कहीं जिंदगी भी बचा देती है।बुधवार को एक घटना से यह बात एकदम सच साबित हो गई। दरअसल हुआ यूं कि बुधवार की रात्रि को राजाजीपुरम में स्पेशल टास्क फोर्स के आरक्षी पद पर नियुक्त प्रशांत शुक्ला जब कार्यालय से अपने घर जा रहे थे, तो उन्होंने देखा कि वह व्यक्ति घायल और मरणासन्न स्थिति में था।आरक्षी प्रशांत शुक्ला द्वारा तत्काल उस घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल में ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया।उस व्यक्ति की स्थिति को देखते हुए, अस्पताल द्वारा ट्रामा किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया।इस पर आरक्षी प्रशांत शुक्ला द्वारा ट्रामा में भर्ती कराकर उसका उपचार करवाया गया तथा व्यक्ति के पास से मिले आधार कार्ड के पिन कोड के आधार पर उनके घर वालों को सूचित किया गया।यह सूचना मिलने के बाद उनके घर वाले बिहार से गुरुवार की दोपहर में आये तथा इस जीवनदायक सहयोग के लिए आरक्षी प्रशांत शुक्ला को बहुत-बहुत शुक्रिया अदा किया।घायल व्यक्ति का उपचार ट्राम सेण्टर में चल रहा है।आरक्षी प्रशांत कुमार शुक्ला के उक्त कार्य के लिए स्पेशल टास्क फोर्स के अधिकारियों द्वारा भूरि भूरि प्रशंसा की गयी है।
