मंदिर के महंत भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए अधिकारियों के लगा रहे चक्कर
शाहजहांपुर, समृद्धि न्यूज।। भगवान इंद्र की तपोस्थली एवं प्राचीन शिव मंदिर सुनासर नाथ की 146 एकड़ भूमि पर भू-माफिया कब्जा किए हुए हैं और मंदिर के महंत रमेश गिरी भूमि को कब्जा मुक्त करने के लिए पिछले कई सालों से अधिकारियों की चौखट के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन भूमाफियाओं की पहुंच के आगे अधिकारी भी बेबस नजर आ रहे हैं। शायद यही वजह है कि प्राचीन सुनासरनाथ शिव मंदिर के नाम दर्ज भूमि कब्जा मुक्त नहीं हो पा रही है। गुरुवार को सुनासर स्थित शिव मंदिर की भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए अब मंदिर के महंत ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। जिला मुख्यालय पहुंचकर उन्होंने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह को शिकायती पत्र देते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की हैं। जहां जिलाधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह इसके बारे में जानकारी जुटाकर भूमि को जल्द से जल्द कब्जा मुक्त करवाएंगे। वहीं एक तरफ मंदिर के नाम सारे कागजात अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं फिर भी प्रशासन सुनासरनाथ शिव मंदिर, जल कायम मेला, मेला स्थान, मेला खेड़ा आदि तमाम नामों पर दर्ज करीब 146 एकड़ भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने में नाकाम साबित हो रहा है। मंदिर की इस भूमि पर कई सत्तापक्ष के संरक्षित भू माफियाओं, राइस मिलर्स और राजनेताओं ने कब्जा करवा रखा है। जिस पर वह खेती कर फसलें उगा रहे हैं। अधिकारियों के दफ्तरों के महीनों तक चक्कर लगाने के बाद भी मंदिर के पुजारी को भगवान शिव की भूमि को कब्जा मुक्त कराने वाला कोई भी अधिकारी नहीं मिल पा रहा है। इतना ही नहीं पूर्व में रहे जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने इस भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए शासन को 100 एकड़ भूमि का प्रस्ताव तक भेजा लेकिन उनके तबादले के बाद आज तक कोई भी अधिकारी मंदिर के महंत रमेश गिरी की पुकार सुनने के लिए नहीं आया। उक्त मंदिर की भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए हिंदू युवा संगठन उत्तर प्रदेश (अ) के संस्थापक अध्यक्ष अवनीश मिश्र ने महंत रमेश गिरी एवं सर्वेश गिरी से मुलाकात कर मामले की जानकारी की और सुनासरनाथ शिव मंदिर की उक्त भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए तहसील एवं जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने की बात कही है।
सुनासरनाथ शिव मंदिर की भूमि पर भू-माफियाओं का कब्जा
