Headlines

दो माह बाद पिंजड़े में कैद हुआ तेंदुआ….

रात में शिकार के लिए पिंजड़े में प्रवेश करते ही बंद हुआ फाटक

बहराइच समृद्धि न्यूज| मोतीपुर रेंज के सोमई गौढी गांव में ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बना तेंदुआ पिंजड़े में कैद हो गया। सोमवार रात में जैसे ही मृत मवेशी का शिकार करने के लिए तेंदुआ पिंजड़े में गया, वैसे ही फाटक गिर गया। वन कर्मी तेंदुआ को लेकर रेंज कार्यालय पहुंचे हैं। उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज के विभिन्न गांवों को दो माह से तेंदुआ लोगों पर हमला कर रहा था। दो बच्चों को अपना निवाला भी बना चुका है। इसको देखते हुए डीएफओ आकाशदीप वधावन ने दो माह पूर्व मोतीपुर रेंज के सोमई गौडी गांव में पिंजड़ा लगाया था। साथ ही पिंजड़े में बकरी को बांध दिया था। लेकिन काफी दिनों से तेंदुआ पकड़ में नहीं आ रहा था। सोमवार रात को तेंदुआ जैसे ही शिकार के लिए पिंजड़े में रखे मांस को उठाने के लिए घुसा। वैसे ही पिंजड़े का फाटक बंद हो गया। ग्राम प्रधान जय प्रकाश यादव ने सूचना रेंज कार्यालय में दी। वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्य, एसडीओ और अन्य वन कर्मी मौके पर पहुंचे। सभी तेंदुए को रेंज कार्यालय लेकर आए। डीएफओ ने बताया कि तेंदुआ का स्वास्थ्य परीक्षण डॉक्टरों की टीम से कराया जा रहा है। मुख्य वन संरक्षक और फील्ड डायरेक्टर के निर्देश पर तेंदुए को किस जंगल में छोड़ा जाएगा, इसका फैसला लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *