महादेव खाद भण्डार का लाइसेन्स निलम्बित, दुकान सील

कम्पिल, समृद्धि न्यूज। नगर की एक दुकान से ग्रामीणों ने डीएपी खाद खरीदी थी। खाद की बोरी में कंकड़ व पत्थर निकलने पर ग्रामीणों ने हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसडीएम से की। जिला कृषि अधिकारी ने दुकानदार का लाइसेंस निलंबित कर दुकान को सील कर दिया।
कटिया रोड कम्पिल स्थित महादेव खाद भण्डार से स्थानीय कृषकों बलवीर, उदयवीर, पप्पू एवं सुनील निवासीगण गंगपुर शाहपुर द्वारा डीएपी लेकर फसल की बुवाई करायी गयी। कृषकों द्वारा डीएपी की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर इसकी लिखित शिकायत तहसील कायमगंज में की गयी। कृषकों द्वारा की गयी शिकायत के क्रम में जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह द्वारा मौके पर जाकर स्थानीय शिकायतकर्ता कृषकों की उपस्थिति में उर्वरक प्रतिष्ठान की जांच की गयी। प्रथम दृष्टया स्थिति सन्देहास्पद होने के कारण जिला कृषि अधिकारी ने दुकान में उपलब्ध डीएपी स्टाक 45 बोरी एवं कृषक के पास रखी डीएपी की बोरी से जांच हेतु नमूना लिया गया। उर्वरक विके्रता का लाइसेन्स तत्काल प्रभाव से निलम्बित करते हुए बिक्री रोक लगा दी गयी है, साथ ही दुकान में मौजूद उर्वरक स्टॉक को सीज करते हुए दुकान को भी सील कर दिया गया है। ग्रहित किये गये नमूनें की गुणवत्ता जॉच होने तक दुकान सील रहेगी एवं दुकान में उपलब्ध उर्वरक स्टाक को सीज करते हुए रिंकू नामक व्यक्ति को सील सुरक्षा हेतु सुपुर्द कर दिया गया है। उर्वरक नमूने का परीक्षण परिणाम अमानक पाये जाने पर विके्रता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जायेगी।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में गत वर्ष की तुलना में डेढ़ गुना डीएपी उर्वरक का वितरण किया जा चुका है तथा पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है एवं जनपद में रेलवे रैक एवं सडक़ मार्ग से लगातार उर्वरकों की आपूर्ति हो रही है। किसान बिक्री केन्द्र पर खतौनी एवं आधार अवश्य लेकर जायें। कृषक मिट्टी की जाँच के आधार पर संतुलित मात्रा में ही उर्वरकों का प्रयोग करें। जनपद में उर्वरकों की आवश्यकतानुसार समुचित उर्वरक उपलब्ध है, कोई कमी नहीं है औन ही कमी होने दी जायेगी। माह नबम्बर के लक्ष्य के सापेक्ष यूरिया 22672 के सापेक्ष 29181 मै0टन (129 प्रतिशत), डी0ए0पी0 11682 के सापेक्ष 21150 मै0टन (181 प्रतिशत), पोटास 3060 के सापेक्ष 10586 मै0टन (346 प्रतिशत) एवं एन0पी0के0 15791 के सापेक्ष 27330 मै0टन (173 प्रतिशत) तथा सुपर फास्फेट 10509 के सापेक्ष 18716 मै0टन (178 प्रतिशत) उपलब्ध है। जनपद की सभी सहकारी समितियों पर तेजी से यूरिया की आपूर्ति करायी जा रही है। आगामी समय में उर्वरकों की कोई कमी नहीं होने दी जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *