फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सूरज की आग उगलती किरणें व हवा के गर्म थपेड़ों से लोगों का हाल बेहाल है। शुक्रवार को सुबह से ही सूर्य की तीखी किरणों ने बदन को झुलसाना शुरू कर दिया। दोपहर होते-होते सडक़ों पर चलना भी दूभर हो गया। गर्मी के कारण आम जनमानस के साथ ही पशु पक्षियों की हालत भी खराब है। मई-जून का महीना भले ही अभी न शुरू हुआ हो, लेकिन गर्मी पूरे शबाब पर है। शुक्रवार को सुबह आठ बजने के साथ ही सूर्य की तपिश जारी हो गई और गर्म हवा ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया। 10 बजते-बजते घरों से निकलना मुश्किल हो गया। वहीं दोपहर के 12 बजे तक सूर्य की किरणें इतनी तीखी हो गई कि सडक़ों पर चलना दूभर हो गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंखा व कूलर भी बढ़ती तपिश में राहत नहीं दे पा रहे थे। हवा के गर्म थपेड़े ऐसे वार कर रहे थे जैसे कि बदन झुलस रहा हो। यूं तो सडक़ों में आम दिनों की अपेक्षा सन्नाटा रहा। आवश्यक कार्य में ही लोग बाहर निकले। रेलवे स्टेशन व बस स्टाप पर यात्री बेहाल दिखे।
तपिश और गर्म हवाओं के थपेड़ों से जनजीवन हुआ बेहाल
