फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। डॉ0 राम मनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल के सीएमएस डॉ0 अशोक प्रियदर्शी को लापरवाही के आरोप में पद से हटा दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। डॉ0 अशोक प्रियदर्शी पर अस्पताल में अव्यवस्थाओं को दुरुस्त न करने, गंदगी का निस्तारण न होने, अधीनस्थों पर शिथिल नियंत्रण, प्रशासनिक दक्षता शून्य, मरीजों के इलाज में लापरवाही, बाहर से दवा खरीदने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने में भी प्रथम दृष्टया जांच में दोषी पाए गए हैं। इस कारण डॉ0 अशोक प्रियदर्शी को कन्नौज स्थानांतरित कर दिया गया है और डॉ0 जगमोहन शर्मा को डॉ0 राम मनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल का नया सीएमएस बनाया गया है। आरोपों की जांच चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के निदेशक प्रशासन करेंगे। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थी सारथीसेन शर्मा ने एक माह के अंदर जांच रिपोर्ट शासन को सौंपने के निर्देश जारी किया है।
लापरवाही में लोहिया पुरुष अस्पताल के सीएमएस हटे, बैठी जांच
