गाजे-बाजे के साथ भगवान गणेश को किया गया विदा

 बड़ी संख्या में गणेश मूर्तियों का हुआ विसर्जन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गणेश महोत्सव के सातवें दिन विसर्जन यात्रा नगर में धूमधाम से निकाली गई। लगभग आधा सैकड़ा विसर्जन यात्रा पांचाल घाट पहुंची। जहां उन्हें विसर्जित किया गया। भक्तगणों ने नाचते-गाते गजानन को विदा किया। जगह-जगह अबीर गुलाल उड़ाकर व भांगड़ा व डीजे की धुन पर नाचते गाते हुए भक्तगण विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। शहर के विभिन्न स्थानों पर विराजमान गणेश को भक्तों ने विदा किया। विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। सेब, केला, लड्डू व अन्य सामग्री का प्रसाद वितरित किया गया। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में महिलायें भी शामिल हुई। आवास विकास मसेनी स्थित पर गणेश पाण्डाल लगाया गया था। सातवें दिन प्रतिमा को विसर्जित किया गया। विसर्जन यात्रा में मोहल्ले के लोग शामिल हुए। अंशुल कटियार ने व्यवस्था देखी। गणपत्ति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ, आदि जयकारों के साथ भक्तगण विसर्जन यात्रा में चल रहे थे। भक्ति गीतों पर थिरकते हुए भक्तगण अबीर गुलाल उड़ा रहे थे। सुबह से लेकर शाम तक, चौक से लेकर पांचाल घाट तक भक्तों का हुजूम दिखायी पड़ा, जो विसर्जन यात्रा के दौरान गणेश प्रतिमाओं के साथ-साथ चल रहा था। सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह पुलिस फोर्स भी तैनात था। पांचाल घाट पर गणेश विसर्जन के लिए व्यवस्था की गई। जहां भक्तों ने भगवान गणेश को भू-विसर्जित कर विदा किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *