बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर को लेकर कांग्रेस पर जमकर बरसीं भाजपा जिला शोध प्रमुख
समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी की जिला शोध प्रमुख (अवध क्षेत्र) मधु पाठक ने गुरुवार को अपने एक बयान में कहा कि कांग्रेस ने देश की स्वतंत्रता से लेकर आज तक बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर का अपमान किया,उन्हें साजिश करके चुनाव हराया और उनके सम्मान में कोई स्मारक तक कभी नहीं बनने दिया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने देश से लेकर विदेश में बाबा साहेब से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को स्मारक के रूप में बनवा कर जनता को समर्पित किया और दलित समाज के हित में कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के प्रति कांग्रेस का द्वेषपूर्ण रवैया इस बात से भी सिद्ध होता है कि इनके शासनकाल में बाबा साहेब को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित नहीं किया गया जबकि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के सहयोग से 1990 में बाबा साहेब को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।श्रीमती पाठक ने कहा कि बाबा साहेब के मरणोपरांत कांग्रेस ने कई दशकों तक संसद के सेंट्रल हॉल में बाबा साहेब का चित्र तक नही लगाया गया।बाबा साहेब ने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े शोषित,वंचित और पीड़ित की चिंता की लेकिन कांग्रेस ने कभी भी इस वर्ग का उत्थान नहीं होने दिया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी संविधान दिवस नहीं मनाया वही यह गौरवशाली राष्ट्रीय उत्सव शुरू करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुआ है।बाबा साहेब के द्वारा प्रतिपादित राष्ट्रवादी विचार अत्याधिक मजबूत और परिपक्व है,यही कारण है कि जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में तथ्यों,तर्कों और प्रमाणों के साथ बाबा साहेब का पक्ष रखा तो कांग्रेस बौखला गई। कांग्रेस पार्टी द्वारा संविधान निर्माता बाबा साहेब का अपमान,समूचे राष्ट्र का अपमान है।कांग्रेस द्वारा किया गया अन्याय,भारत की आत्मा पर प्रहार है।
(अमिताभ श्रीवास्तव)
