तहसीलदार ने 20 वर्ष कब्जा किये गये मकान को पीडि़त महिला को किया सुपुर्द
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। टॉपटेन माफिया अनुपम दुबे के विरुद्ध प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्यवाही जारी है। रविवार को भी कई दुकानें व एक मकान क्षेत्र में डुगडुगी पिटवाकर कुर्क कर लिया। जिसकी कीमत 1 करोड़ 67 लाख रुपये आंकी जा रही है। अब तक पुलिस अनुपम दुबे की डेढ़ अरब के आसपास की सम्पत्ति कुर्क कर चुकी है।

जानकारी के अनुसार आज से करीब 20 वर्ष पूर्व फतेहगढ़ के दालमंडी की रहने वाली सोनकली के मकान पर माफिया अनुपम दुबे ने मारपीट कर कब्जा कर लिया था और उस मकान का दबाब बनाकर जबरदस्ती बैनामा कर लिया था, लेकिन भगवान के दरबार में देर है अंधेर नहीं, आज तहसीलदार सदर श्रद्धा पांडेय और सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर मकान को कुर्क कर लिया। तहसीलदार ने मकान को कुर्क कर पीडि़त महिला सोनकली के सुपुर्द कर दिया है। मछली बाजार व बेनी बाबू की कोठी के निकट बेस कीमती दुकानें जिसमें किरायेदार के रुप में व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष संदेश अग्रवाल की सर्राफा, गोविन्द बाथम की कपड़ा की दुकान है। रिन्कू बाथम कपड़ा दुकानदार, मयंक दुबे व देवेश शुक्ला मेडिकल स्टोर, शुभम राजपूत दूध डेयरी दुकानें किये थे।

काफी समय पहले पुलिस ने डुगडुगी पिटवाकर कुर्की की कार्यवाही से अवगत कराकर दुकानें खाली करने को कहा था, लेकिन दुकानदारों ने गंभीरता से नहीं लिया। जब आज कार्यवाही हुई तो कुछ सामान निकाल पाये तो कुछ दुकान के अंदर ही रह गया। कुछ दुकानदार हाथ जोडक़र मोहलत मांगते दिखायी दिये, लेकिन प्रशासन ने अनसुना कर दिया। कार्यवाही के दौरान मोहम्मदाबाद क्षेत्राधिकारी, जहानगंज एसओ, क्षेत्रीय लेखपाल गौरव अग्निहोत्री सहित कई थाने की मौजूद रही। पुलिस ने माफिया अनुपम दुबे और उसके फरार चल रहे भाई की 1 करोड़ 67 लाख रुपए की दुकानें भी कुर्क की हैं। प्रशासन माफिया अनुपम दुबे की अब तक करीब डेढ़ अरब रुपये की सम्पति कुर्क कर चुका है।
