नई कार्ययोजना बनाने की मुख्यमंत्री से की मांग
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। महायोजना 2031 के विरोध में ग्राम धंसुआ में प्रधान मुन्नू सिंह की अध्यक्षता में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। किसानों ने महायोजना 2031 को जन विरोधी बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया। वहीं प्रमाणित योजना व नक्शों का प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों ने धंसुआ, विजाधरपुर, निनौआ, पपियापुर, उगायतपुर, देवरामपुर में घनी वसावट को देखते हुए आबादी क्षेत्र से दूर औद्योगिक क्षेत्र बनाने की मांग की गयी और धरातल पर गलत योजना बनाने पर जांच कर दोषी अधिकारियों को दंडित करने की मांग की गयी। ग्रामीणों ने बस्ती में औद्योगिक क्षेत्र बनाये जाने का विरोध किया तथा इस महायोजना को सिरे से खारिज कर दिया। ग्रामीणों के साथ किसान नेता अशोक कटियार ने कहा कि जन आवश्यकताओं को देखते हुए नई योजना बनाने व जन भावनाओं के विपरीत कार्य योजना बनाने वाले अधिकारियों को दंडित करने की मुख्यमंत्री से मांग की है। अशोक कटियार ने कहा कि धंसुआ, विजाधरपुर, निनौआ, पपियापुर, उगायतपुर, देवरामपुर की भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र प्रमाणित किया गया है, जबकि इस क्षेत्र में पूर्व सैनिकों व रिटायर कर्मचारियों ने पूरे जीवन की कमाई लगाकर रिहायशी मकान बनाये है। ड्रोन कैमरों से तैयार की गई कार्य योजना में बसावट को नहीं दिखाया गया। यदि सरकार औद्योगिक विकास चाहती है तो खाली जमीन पर निर्माण कराये जाये। इन गांव को उजाडक़र विकास किसी तरह मंजूर नहीं। वहीं याकूतगंज में भी किसान चौपाल लगायी गई। अशोक कटियार ने कहा कि इस योजना से प्रमाणित सभी ६१ गांवों में किसान चौपाल लगायी जायेगी। इस अवसर पर लालू, लालाराम यादव, नीलू कटियार, प्रेमचंद्र, विजय कुमार शुक्ला, सुरजीत शर्मा, हरिओम, राजेंद्र कटियार, उत्तम यादव सहित बडी संख्या में किसान मौजूद रहे।
चौपाल लगाकर महायोजना 2031 किसानों ने की खारिज
