उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र की मोहल्ला ईदगाह कॉलोनी में जमीन कब्जे को लेकर कहासुनी के चलते मारपीट हो गई। आरोप है कि भू-माफियाओं ने छुट्टी का फायदा उठाकर एक प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पहुंचे प्लॉट मालिकों और उनके परिजनों पर हमला कर दिया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और बाद में वे न्याय की मांग को लेकर सदर कोतवाली पहुंचे।
पीड़ित प्लॉट मालिक विमला, कंचन देवी, कामिनी, गौरव कश्यप और धर्मेंद्र ने बताया कि ईदगाह कॉलोनी में स्थित उनकी जमीन पर लंबे समय से कुछ लोगों की नजर थी। सोमवार को सरकारी कार्यालयों में अवकाश का लाभ उठाकर कथित भू-माफिया अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्लॉट पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया, जिसकी जानकारी मिलते ही प्लॉट मालिक और उनके परिजन विरोध करने पहुंच गए।
विरोध के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कब्जा करने आए लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे कई लोग घायल हो गए। इस घटना से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
पीड़ितों के अनुसार, उन्होंने इस मामले को लेकर पहले भी प्रशासन से शिकायत की थी। प्लॉट मालिकों ने जिलाधिकारी कार्यालय में एडीएम, एसडीएम सदर और सदर विधायक पंकज गुप्ता से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी। वही, कोई कार्रवाई न होने के कारण आरोपियों के हौसले बढ़ गए ।
घटना की जानकारी मिलने पर घायल प्लॉट मालिक और उनके परिजन सदर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
