अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़ा, गर्म हवाओं से लोग बेहाल

हलिया(मिर्जापुर): जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है। जबकि एक दिन पहले यह 43 डिग्री सेल्सियस था। सूर्य की तल्ख किरणें जैसे आग बरसा रही हैं। तेज धूप से झुलस रही चमड़ी और गर्म हवाओं के चलते लोगों का घर के बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कुछ दूर पैदल चलने पर लोगों का गला सूख रहा है। ऐसे में नींबू-पानी और शर्बत, शीतल पेय पदार्थो की मांग बढ़ गई है। दुकानों के सामने रुके लोग गला तर करने के बाद ही आगे बढ़ने में अपनी भलाई समझ रहे हैं।
सोमवार को जिले में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। जबकि एक दिन पहले रविवार को 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया था। दो दिनों से न्यूनतम तापमान यथावत है। मौसम वैज्ञानिक आगे तापमान बढ़ने का संकेत दे रहे हैं। इधर दो, तीन दिनों से तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी असहनीय हो रही है। सबसे ज्यादा मुसीबत स्कूली बच्चों की हो रही है। दोपहर छुट्टी होने पर चिलचिलाती धूप में उनका घर पहुंचना मुश्किल हो रहा है। तप रहे वाहनों में बैठे बच्चों का चेहरा लाल हो रहा है। गर्मी परवान चढ़ते ही पंखे और कूलर की मांग बढ़ गई है। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने बताया मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। हवा की गति सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में किसान फसलों की दो, तीन दिन के अंतराल में सिंचाई करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *