फाइलेरिया रोग से बचाव में मीडिया का सहयोग अपेक्षित: एसीएमओ

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद में 10 अगस्त से चलने वाले मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम एमडीए अभियान के उद्देश्य को प्राप्त करने में मीडिया सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च सीफार संस्था के सहयोग से गुरुवार को नगर के एक स्थानीय होटल में मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान 25 मीडिया कर्मियों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर फाइलेरिया अभियान को सफल बनाने की शपथ ली। इस मौके पर सम्बोधित करते हुए फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के नोडल व अपर चिकित्सा अधिकारी डॉ0 यूसी वर्मा ने कहा कि फाइलेरिया रोग के समूल उन्मूलन के लिए सभी लाभार्थियों को फाइलेरिया से बचाव की दवाएं खिलाना सुनिश्चित किया जाये। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आरसी माथुर ने उपस्थित मीडिया सहयोगियों को बताया कि जनपद में इस समय 1013 फाइलेरिया रोगी हैं। जिसमें से 482 हाइड्रोसील से ग्रसित है ंऔर शेष 531 लिम्फोडिमा के रोगी हैं। हाइड्रोसील से ग्रसित 154 लोगों का सफल आपरेशन किया जा चुका है। जिला मलेरिया अधिकारी नौशाद अली ने कहा कि फाइलेरिया रोधी दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। कार्यक्रम का संचालन मलेरिया निरीक्षक नरजीत कटियार ने किया। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ0 दलवीर सिंह, डीपीएम कंचन बाला मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *