नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के गांव धूरीहार निवासी अतर सिंह 54 वर्ष घर पर गुरुवार शाम लगभग सात बजे चारा मशीन को ठीक कर रहे थे, तभी अचानक बिजली आने से मशीन में करंट आ गया। जिससे अतर सिंह को करंट लग गया। करंट लगने से गंभीर रूप से झुलसे अतर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में अतर सिंह को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अतर सिंह की मौत हो चुकी थी। अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शव पर पत्नी डोली देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं। घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दी गई। मृतक के पुत्र आकाश की सूचना पर बबना चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
