चोरी का आरोप लगाकर की थी पिटाई, हैलट अस्पताल में हुई मौत

कायमगंज, समृद्धि न्यूज। चोरी का आरोप लगाकर चिकित्सा प्रभारी ने अधेड़ की कमरे में बंद कर जमकर पिटाई की। जिससे उसकी हालत बिगड़ गयी। उसे कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चिलाँका निवासी लाला उर्फ रामप्रकाश सक्सेना की पत्नी सविता ने बताया कि मेरे पति बीते दिन बुधवार को पुलगालिब पुलिया पर होटल से खाना लेने गये थे, लेकिन वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। दूसरे दिन गुरुवार को पत्नी सविता अपनी बेटी प्रज्ञा के साथ कस्बा चौकी पहुंचकर पति की फोटो को दिखाया और कल से गायब होने की बात कही। कुछ देर बाद पत्नी को जानकारी मिली की तुम्हारे पति लाला उर्फ रामप्रकाश के ऊपर चिकित्सा प्रभारी ने चोरी का आरोप लगाकर उसकी जमकर पिटाई की। जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे। गम्भीर अवस्था में परिजन उसे एक प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गये। जहां से फर्रुखाबाद ले गये। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया गय। जहां हैलट में उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत की सूचना पाते ही मृतक की पत्नी सविता तथा पुत्री सोनाली, रुपाली, प्रज्ञा सहित आदि लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे पति लाला उर्फ रामप्रकाश को सरकारी अस्पताल के बड़े डाक्टर ने चोरी का आरोप लगाकर कमरे में बन्द करके पीटा है। जिससे मेरे पति की मौत हो गयी। वहीं चर्चा के अनुसार मृतक शराब के ठेके से शराब लेकर आ रहा था, तभी उसका एक्सीडेंट हो गया था। आसपास के लोगों ने ई-रिक्शा द्वारा उपचार के लिए अस्पताल मे भेजा था।
