विश्व की समस्याओं का समाधान हिन्दू चिंतन के साथ होंगे व्यापक कार्यक्रम: मिलिंद परांडे

अनिल प्रताप सिंह कार्याध्यक्ष व जिला मंत्री अखिलेश मिश्रा बने
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। विश्व हिन्दू परिषद् कानपुर प्रान्त की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक का गोविन्द नगर स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर मुनि हिन्दू इण्टर कॉलेज में सम्पन्न हुई। विश्व हिन्दू परिषद् के केन्द्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे, क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र, प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना, विहिप प्रान्त कार्याध्यक्ष डा0 उमेश पालीवाल, प्रान्त उपाध्यक्ष वीरेन्द्र पाण्डेय, बालिस्टर सिंह, प्रान्तमंत्री राजू पोरवाल ने श्रीरामजानकी दरबार का पूजन अर्चन कर बैठक का शुभारम्भ किया।
कानपुर प्रांत के अन्तर्गत आने वाले २१ जिलों के दायित्वधारियों को सम्बोधित करते हुए मिलिंद परांडे ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना वर्ष 1964 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर हुई। वर्ष 2024 में संगठन की स्थापना के 60 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस षष्ठीपूर्ति वर्ष समापन कार्यक्रम हेतु बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रान्तभर में हजारों स्थानों पर व्यापक जनजागरण कार्यक्रम होंगे। 24 अगस्त से 1 सितंबर के बीच आयोजित होने वाले इन स्थापना दिवस महोत्सव कार्यक्रमों के अन्तर्गत विहिप की 60 वर्षों की उपलब्धियां, वर्तमान में राष्ट्र, धर्म व हिन्दू समाज के समक्ष चुनौतियां तथा उनके निराकरण के सम्बन्ध में चर्चाएं, संगोष्ठियां व सार्वजनिक कार्यक्रम होंगे। इनके माध्यम से हम विहिप के कार्यों व हिन्दू जीवन मूल्यों को जन जन तक लेकर जाएंगे। गजेन्द्र ने बैठक में हिन्दू मान्यताओं व परम्पराओं की सात्विकता व पवित्रता सुनिश्चित करने के साथए मन्दिरों को जागरण, धर्म प्रचार, सेवा व समरसता के केन्द्र बनाने का संकल्प दिलाया। पोरवाल ने संगठनात्मक वृत्त प्रस्तुत करते हुए कहा कि कानपुर प्रान्त के 21 जिलों के 199 प्रखंडों में अभी 2759 समितियां गठित हैं, जिनके अंतर्गत विहिप, बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी, धर्मप्रसार आदि के व्यापक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। समापन सत्र में प्रांत के कई जिलों के कार्यकर्ताओं को नवीन जिम्मेदारियां दी गई। जनपद फर्रुखाबाद में जिला मंत्री दायित्व पर रहे सुशील चौहान को प्रांत का सह प्रचार प्रसार प्रमुख, अनिल प्रताप सिंह जिला कार्याध्यक्ष, शिवाकांत कटियार जिला उपाध्यक्ष एवं अखिलेश मिश्रा जिला मंत्री को नवीन जिम्मेदारियां दी गई। बैठक में क्षेत्र विशेष संपर्क प्रमुख अनिल दीक्षित, क्षेत्र दुर्गावाहिनी संयोजिका कल्पना, वासुदेव पटेल, अभिनव दीक्षित, अवधेश भदौरिया, सीमा, दुर्गेश, संगीता, अवनी, विनोद तोमर, राजेंद्र शर्मा, गौरांग, आचार्य अजीतराज, अमरनाथ, शुभम कौशिक, अवधेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *