घर से चार किलोमीटर दूर कुएं में उतराता मिला गायब अधेड़ का शव, स्वजनों ने हत्या की जताई आशंका

चार दिन पूर्व घर से गैस चूल्हा लेने के लिए निकला था श्रमिक रविवार को कुएं में उतराया मिला शव

हलिया (मिर्ज़ापुर): ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र के सेमरा कलां गांव के सीवान में स्थित कुएं में रविवार सुबह चार दिन से लापता अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने पर ग्रामीणों में सनसनी फ़ैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त लल्लू उर्फ सिंघाड़ा निवासी अमदह के रूप में की। क्षेत्र के सेमरा कलां गांव में रविवार सुबह खेत की ओर शौच करने गए ग्रामीणों ने कुएं के पास मेड़ पर साइकिल गिरी देखा पास गए तो साइकिल में झोला टंगा हुआ था। ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका को लेकर कुएं में झांककर देखा तो अधेड़ व्यक्ति का शव उतराया हुआ था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान शिव गोविंद चौरसिया को दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन एसआइ टीपी सिंह ने घटना की जांच करते हुए कुएं से शव को बाहर निकलवाया। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त अमदह गांव निवासी लल्लू उर्फ सिंघाड़ा के रूप में की।मृतक के एक पैर का चप्पल कुएं से पचास मीटर दूर खेत में मिला वहीं दूसरे पैर का चप्पल कुएं में उतराया मिला। मृतक का मोबाइल फोन नही मिला।पिता का शव कुएं में मिलने पर रोते-बिलखते हुए पहुंची पुत्री सोनी ने बताया कि बीते 8 जनवरी को दोपहर में साठ वर्षीय पिता लल्लू गैस चूल्हा लेने के लिए घर साइकिल से निकले थे। लेकिन उसके बाद घर वापस नही लौटे।गायब पिता की काफी खोजबीन की गई लेकिन कहीं पता नही चलने पर शनिवार को ड्रमंडगंज थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक मेहनत मजदूरी कर जीविकोपार्जन करता था। मृतक का इकलौता पुत्र नगीना महाराष्ट्र में रहकर मेहनत मजदूरी करता है। पत्नी प्रेमवती की दस वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। अधेड़ व्यक्ति का कुएं में शव मिलने पर ग्रामीणों में तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त रही।थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक सेमरा कलां गांव में कुएं तक कैसे पहुंचा घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *