पुलिस की रही कड़ी सुरक्षा, डीएम व एसपी ने पहुंचकर किया निरीक्षण
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा में सोमवार को धम्मा लोको बुद्ध विहार में अमृतपुर विधानसभा से विधायक सुशील शाक्य व कार्यक्रम संयोजक कर्मवीर शाक्य ने संयुक्त रूप से भगवान बुद्ध की झांकी पर फीता काटकर धम्मयात्रा का शुभारंभ किया। भगवान बुद्ध की मूर्ति पर अगरबत्ती व मोमबत्ती जलाकर धम्म यात्रा प्रारंभ की गई। धम्म यात्रा सुबह 7:00 बजे बौद्ध विहार से चलकर जब तक सूरज चांद रहेगा बौद्ध धर्म का नाम रहेगा, जो हमसे टकराएगा चूर-चूर हो जाएगा आदि जय घोष के साथ बौद्ध स्तूप 8:30 बजे पर पहुंची। वहां पर सभी बौद्ध श्रद्धालुओं ने बौद्ध स्तूप के तीन चक्कर लगाए तथा सभी लोग स्तूप के किनारे बैठ गए। सभी लोगों ने मोमबत्ती, अगरबत्ती जलाकर स्तूप की पूजा वंदना की तथा डॉक्टर धम्मपाल महाथैरो ने सभी को बुद्ध वंदना एवं परित्राण पाठ पाली भाषा में कराया। इसके बाद डॉक्टर धम्मपाल महाथैरो ने बताया कि आज से 522 ईसा पूर्व भगवान बुद्ध का आगमन संकिसा में हुआ था। जिन्होंने आठ त्रिपिटक दिए। संकिसा की पावन धरती पर भगवान बुद्ध ने प्रवचन दिए तथा वर्षावास किया, महापवारणा किया। ढाई हजार वर्ष से यह परंपरा चली आ रही है।
विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि संकिसा बुद्ध की पावन धरती है। यहां बुद्ध के चरण पड़े और उन्होंने कई दिन रहकर समाज का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बौद्ध धर्म सुख दुख का एहसास कराता है।
विधायक ने कहा कि मन को शांत रखर बुद्ध के बताये रास्ते पर चलें, तो सुखी रहोगे। पंचशील का पालन करने पर भी जोर दिया। कहा कि इससे जीवन में कष्ट नहीं आयेगा। उन्होंने संकिसा के विकास के लिए सरकार की ओर से उठाये जा रहे कदमों की सराहना करते हुए कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संकल्प लिया है कि जितने भी बौद्ध तीर्थ स्थल हैं वहां का विकास विश्व स्तर पर होगा। उनके सुझाव पर ही अधिकारियों ने विकास की योजना बनाकर सरकार को दे दी। मोहम्मदाबाद से संकिसा तक १० मीटर सडक़ चौड़ीकरण का कार्य शुरु हो गया है। विधायक ने बताया कि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को उन्होंने बताया था कि संकिसा को भोगांव से जोड़ दिया जाये, तो दिल्ली से आने वाले अनुयाइयों को सहूलियत मिलेगी। इसके बाद धम्म यात्रा निकाली गयी। जिसमें आसपास के जिलों और अन्य प्रदेशों से आए बौद्ध अनुयायियों ने भाग लिया। यात्रा के दौरान बुद्धं शरणं गच्छामि के जयघोष गूंजते रहे। यह यात्रा धम्मा लोको बुद्ध विहार से शुरू होकर स्तूप तक पहुंची। जहां श्रद्धालुओं ने अगरबत्ती और मोमबत्ती जलाकर पूजा अर्चना की। धम्म यात्रा के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित अन्य आला अधिकारी मौजूद रहे। स्तूप से लेकर कार्यक्रम स्थल तक कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बताते चलें कि रविवार को बुद्ध महोत्सव का शुभारंभ विधायक सुशील शाक्य ने किया था। यहां पर मेला लगा था। सोमवार को मेले का समापन हो गया। सोमवार की शाम तक बड़ी संख्या में मेले में लोगों की भीड़ पहुंचती रही। मेला आयोजक कर्मवीर शाक्य ने बताया प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा दूसरे प्रदेशों से भी बौद्ध धर्म को मानने वाले लोगों ने भी भाग लिया। सोमवार की सुबह सनातन धर्म को मानने वाले लोग भी विसारी देवी मंदिर में पहुंचे और पूजा अर्चना की तथा खीर पूड़ी का भोग लगाया।
सनातनियों ने बिसारी देवी मंदिर पर की पूजा अर्चना
बिसारी देवी सेवा समिति के अध्यक्ष अतुल दीक्षित के नेतृत्व में लगभग 11:00 बजे ढाई सैकड़ा सनातन धर्मी जय घोष करते हुए पहुंचे। जिसमें पांच श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थल पर बिसारी देवी के भोग एवं पूजा अर्चना की अनुमति दी गई। जिसमें भोलेपुर हनुमान मंदिर के महंत मोहनदास, भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित, भाजपा नीम करोली मंडल के पूर्व मंडल अध्यक्ष छत्रपाल राजपूत, रामकुमार सिंह तथा राजवीर सिंह ने धार्मिक स्थल के ऊपर जाकर देवी को भोग प्रसाद लगाया तथा सभी श्रद्धालुओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों में जमकर भोग प्रसादी बांटी गई। इस अवसर पर दिलीप दीक्षित, प्रमोद दुबे, अभिमन्यु दुबे, अजीत दिवाकर, सुशील दीक्षित, पिंकू मिश्रा, आकाश दीक्षित सहित सैकड़ो श्रद्धालु उपस्थित रहे।
