बुद्धि, बल व यश में वृद्धि करती हैं मां कूष्मांडा देवी

नवरात्र के चौथे दिन शक्तिपीठों में हुई पूजा अर्चना
फर्रूखाबाद, समृद्धि न्यूज। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा के चतुर्थ स्वरुप मां कूष्मांडा की विधि विधान से पूजा अर्चना की और सर्व मंगल की कामना की।
रविवार को घर व मंदिरों में मां दुर्गा के चौथे स्वरुप मां कूष्मांडा की विधि विधान से पूजा अर्चना की गयी। नगर के ऐतिहासिक मंदिर गुरुगांव देवी, बढ़पुर स्थित शीतला माता मन्दिर, रेलवे रोड स्थित मठिया देवी मन्दिर, भोलेपुर स्थित मां वैष्णो देवी मन्दिर, खतराना स्थित मां दुर्गा के मंदिर पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर सर्व मगल की प्रार्थना की। ऐतिहासिक द्वापरकालीन गुरुगांव देवी मन्दिर में भक्तों ने भारी भीड़ उमड़ी। यहां पर लगे मेले में भक्तों ने जमकर खरीददारी की। यहां पर पूजा से संबंधित साहित्य तथा घरेलू सामान की दुकानें लगी थीं। इसके अलावा बढ़पुर स्थित शीतला माता मन्दिर में भी भक्तों की पूजा अर्चना करने के लिए भीड़ उमड़ती रही। लोगों का मानना है कि माता के दर्शन से हर इच्छा पूरी होती है। रेलवे रोड स्थित मठिया देवी मंदिर पर भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं तथा युवतियों ने भोर होते ही मंदिर में पहुंचकर मां कूष्मांडा की विधि विधान से पूजा अर्चना की। इसके अलावा भोलेपुर स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर पर भी भक्तों की भारी भीड़ दर्ज की गयी। भक्तों ने विधि विधान से मां कूष्मांडा की पूजा अर्चना की और सर्व मंगल की कामना की। घरों में भी व्रती महिलाओं ने मां कूष्मांडा की पूजा अर्चना की और शाम के समय महिलाओं ने देवी जागरण का आयोजन किया। कुल मिलाकर नव दुर्गा के चलते शहर का माहौल आध्यात्मिक बना हुआ है। नगर के सभी देवी मंदिरों पर सुरक्षा की दृष्टि से महिला व पुरुष पुलिस तैनात रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *