सांसद आदित्य यादव ने कॉलेज परिसर में स्थापित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की

सैफई, समृद्धि न्यूज। चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज हैवरा सैफई परिसर से, जहां किसान दिवस के मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती मनाई गई।
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के बदायूं सांसद आदित्य यादव ने कॉलेज परिसर में स्थापित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।  इसके बाद उन्होंने वहीं स्थापित नेताजी मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।
इस मौके पर सांसद आदित्य यादव ने किसानों के मुद्दे पर सरकार पर सीधा निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि किसानों के हक की लड़ाई आज भी अधूरी है और मौजूदा सरकार उनकी आवाज को दबाने का काम कर रही है। सांसद ने कहा कि चौधरी चरण सिंह और नेताजी मुलायम सिंह यादव दोनों ही किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के सच्चे मसीहा थे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में भव्य किसान सम्मेलन का आयोजन कराया जाता रहा है। हालांकि इस वर्ष प्रदेश सरकार द्वारा सदन संचालित किए जाने के कारण शिवपाल सिंह यादव की विधानसभा में व्यस्तता रही, जिसके चलते किसान सम्मेलन स्थगित किया गया। इसी कारण इस बार कार्यक्रम को सीमित रखते हुए केवल माल्यार्पण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपप्राचार्य डॉ. फतेह बहादुर सिंह यादव, विधायक प्रतिनिधि जसवंतनगर सोनू यादव, जिला पंचायत सदस्य डॉ. अरविंद यादव, पूर्व प्रधान महावीर सिंह यादव (कथुआ), प्रधान राधा कृष्ण यादव, राजपाल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *