शाहजहांपुर, समृद्धि न्यूज। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सांसद अरुण सागर के साथ शनिवार को जनपद में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
सबसे पहले हथौड़ा गांव में परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्टेडियम द्वार का लोकार्पण किया गया। इसके बाद नियामतपुर गांव में नवनिर्मित द्वार, यात्री प्रतिक्षालय, प्राथमिक विद्यालय एवं महोलिया मुंडी की इंटरलॉकिंग का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सांसद अरुण सागर ने कहा कि विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण यह दर्शाता है कि विकास कार्य किस तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान व खिलाड़ियों की सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री द्वारा जनता से किए गए वादों को धीरे-धीरे पूरा किया जा रहा है। विकास, रोजगार, उद्योग, सड़क व आवास योजनाओं के जरिए नागरिकों को सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है।
सांसद ने बताया कि शाहजहांपुर में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सड़क नेटवर्क का विस्तार किया जा चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना से पात्रों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार हर सेक्टर में नागरिकों के हित में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव, ग्राम प्रधान अभय यादव समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
