अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। कानपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश अवस्थी का उनके पैतृक गांव जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र स्थित नगला हूसा में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य भी उनके साथ मौजूद रहे। सांसद रमेश अवस्थी भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए नवाबगंज-अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र में आए थे। कार्यक्रम के उपरांत वे अपने पैतृक गांव नगला हूसा पहुंचे। जहां ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत समारोह में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इस दौरान सांसद रमेश अवस्थी ने सर्दी के मौसम को देखते हुए अपने क्षेत्र के गरीब व जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी साफ झलकती नजर आई। मीडिया द्वारा अमृतपुर क्षेत्र के विकास के संबंध में पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ स्वयं इस क्षेत्र के निवासी हैंए इसलिए शासन स्तर पर अमृतपुर क्षेत्र के विकास से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से उठाते रहते हैं और आगे भी उठाते रहेंगे। गंगा नदी के बांध एवं बाढ़ की समस्या को लेकर पूछे गए प्रश्न पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि वे हर संभव प्रयास करेंगे कि क्षेत्रवासियों को बाढ़ की समस्या से शीघ्र राहत मिल सके और स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए।
भाजपा विधायकों की एक साथ बैठक को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर सांसद ने स्पष्ट कहा कि विपक्ष के पास इस समय कोई ठोस मुद्दा नहीं है। इसलिए वह अनावश्यक बातों को मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने मंसूबों में कभी सफल नहीं होगा। कार्यक्रम में सांसद के भाई राजीव अवस्थी उर्फ गप्पू एवं अजय अवस्थी द्वारा क्षेत्र से आए लोगों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार चौहान उर्फ लाला भैया, प्रधान अमृतपुर सचिन देव तिवारी, प्रधान नगला हूसा, रामवरन सक्सेना, पूर्व प्रधान उदय पाल सिंह, नीरज अवस्थी, आलोक बाजपेई, अनुभव चित्रांश, मनोज अवस्थी सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं सांसद समर्थक मौजूद रहे।
नगला हूसा में सांसद रमेश अवस्थी का हुआ स्वागत, वितरित किये कंबल
