सांसद बोले: मुझे बदनाम करने की साजिश रची जा रही है

 कुत्ते भौंकते रहते है, हाथी अपनी मस्त चाल में चलता रहता है
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने सोमवार को राहुल राजपूत के निवास पर पत्रकारों को सफाई देते हुए कहा कि मैं निर्दोष हूं कुत्ते भौंकते रहते है, हाथी चलता रहता है। सांसद बोले मेरे खिलाफ अगर कोई भी जगह कब्जा करने का सबूत मिल जाये तो मेरे खिलाफ कार्यवाही की जाये और मैं राजनीति से इस्तीफा देने को तैयार हंू। अगर कोई दूसरा दोषी है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही हो। सांसद ने सरैया के प्रधान सौरभ चौहान के खिलाफ भड़ास निकाली और कहा कि उन्होंने मेरे खिलाफ षड्यंत रचा है। उन्होंने बताया कि जहरीला पदार्थ खाने वाला नगला मसेनी निवासी संजय वाल्मीकि सौरभ के अस्पताल में नौकरी करता है, उसकी पत्नी सरैया गांव में सफाई कर्मी है। उन्होंने बताया कि स्वामी गैस वालों ने मुझे 10 फुट जमीन दी थी, जिसके लिए मैंने उन्हें पगड़ी में 10 लाख रुपए दिए थे। खरीदी गई जगह की रजिस्ट्री है। विवादित बताई जाने वाली जमीन दो गुप्ता भाइयों एवं दो राजपूत भाइयों की है। शकुंतला बाल्मिक भी इसी जमीन के लिए मुकदमा लड़ रही है। उन्होंने कहा कि मैंने किसी की जमीन पर कब्जा नहीं किया है और किसी को कब्जा करने से भी नहीं रोका है। उन्होंने संजय वाल्मीकि के आरोपों को उन्होंने खारिज करते हुए कहा कि मैं कब तक चुप रहूंगा। आज मुझे आरोपों के चलते बोलना पड़ा। वह सांसद व भाजपा की छवि खराब करने में लगे है। यह मुझे बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद ने डीएम से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो, जो दोषी पाया जाये उसके खिलाफ कार्यवाही हो। उन्होंने मौरम व्यापारी द्वारा करायी गई पैमाइश पर भी कहा कि १५ डिसमिल जमीन मेरी कम निकली है। अवंतीबाई मूर्ति की स्थापना के लिए कहा कि मैं मौरम व्यापारी से ज्यादा जमीन देने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि कुते के भौंकने के बावजूद हाथी मस्त चाल में चलता है। मेरे गुरु का यही कहना है गुरु का यह भी कहना है कि जो झूठे आरोप लगाए उसे जवाब जरूर देना चाहिए। जिस व्यक्ति को विधानसभा चुनाव में 500 वोट मिले हो वह मुख्यमंत्री बनने का ख्वाब देख रहा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, संकिसा चेयरमैन के प्रतिनिधि राहुल राजपूत, अनूप मिश्रा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *