परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। अज्ञात फोन आने पर घर से गये युवक की हत्या कर दी गयी। पुलिस ने उसका शव मर्चरी में रखवा दिया। परिजनों को जानकारी होने पर कोहराम मच गया। घटना के संबंध में परिजनों की ओर से तहरीर दी गयी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना अंतर्गत ग्राम शहपुरा मजरा बसेली निवासी रमेश चंद्र ने थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मेरा पुत्र श्याम सिंह उर्फ गोलू 7 अक्टूबर को समय रात्रि 9.15 पर चाय पी रहा था। उसी समय किसी व्यक्ति का उसके पास फोन आया। जिससे वह आधी चाय छोड़कर घर से चला गया। घरवालों के पूछने पर उसने कहा कि वह अभी १० मिनट में वापस आ रहा है, लेकिन जब मेरा पुत्र रात 10 से11 बजे तक नहीं आया। तब हम लोगों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला। रात्रि लगभग ११.३० बजे एक मोटर साइकिल पर तीन अज्ञात लोग दरवाजे से निकले और कहा देखें साला अब क्या करेगा, मैंने उसे ठिकाने लगा दिया है। रात्रि काफी हो चुकी थी। अंधेरा होने के कारण किसी को पहचान नहीं सका। जिसकी गुमसुदी दर्ज करने थाना नवाबगंज पहुंचा, तभी तभी जानकारी मिली है किसी व्यक्ति का एक्सीडेंट रात में बघौना एवं महमदपुर कामराज के बीच में हो गया है। जिसकी रात में ही मृत्यु हो चुकी है। जिसका शव राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल की मर्चरी में रखा हुआ है। सिपाही द्वारा फोटो दिखाने पर पता चला वह उसका ही पुत्र है। खबर सुनते ही परिजन गस खाकर गिर पड़े। परिजनों के मुताबिक उनके पुत्र की किसी से कोई बुराई भलाई नहीं थी। तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। जिसकी शादी भी 29 नवंबर को होनी तय थी। उससे छोटा भाई आशीष कुमार एवं सनी कुमार, एक बड़ी बहन पूजा की शादी हो चुकी है। एक बहन अविवाहित है। पीडि़त परिजनों ने थाना अध्यक्ष को लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। खबर लिखे जाने तक थाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
