कायमगंज, समृद्धि न्यूज। कोतवाली क्षेत्र में दिसंबर माह में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 24 दिसंबर को गांव मई रसीदपुर निवासी सोवरन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनका शव झाडिय़ों में मिला था। कायमगंज कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की टीमें जांच में लगाई गई थीं। विवेचना के दौरान मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव साहिबाबाद निवासी विकल, एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर निवासी सनी उर्फ दीपक राजपूत और नवाबगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी जबर सिंह के नाम सामने आए। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर विकल और सनी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि जबर सिंह फरार है। पूछताछ में आरोपी विकल ने बताया कि 24 दिसंबर को वह जबर सिंह और सनी के साथ जबर सिंह के भाई की बेटी की शादी के लिए सामान लेने जा रहा था। रास्ते में रसूलपुर मार्ग पर उनकी बाइक एक साइकिल सवार से टकरा गई। साइकिल सवार नशे में था और टक्कर के बाद कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान साइकिल सवार ने जबर सिंह को बेटी की गाली दे दी। इससे नाराज होकर जबर सिंह ने तमंचे से उसकी कमर में गोली मार दी। घायल युवक गिरा फिर उठकर आगे बढ़ा तो आरोपी ने सामने से दूसरी गोली मार दी। बाद में तीनों आरोपियों ने उसे उठाकर झाडिय़ों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी तमंचा 315 बोर व तीन जिंदा कारतूस और सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपी जबर सिंह हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 46 मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें गैंगेस्टर और गुंडा एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं। उसकी तलाश में दविश दी जा रही है।
डेढ़ माह पूर्व हुई हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
