अपने पर आयी तो एक्शन में दिखायी दिया प्रशासन, कई वाहन पकड़े
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। ओवरलोड वाहनों पर नियंत्रण करने के लिए जिलाधिकारी डॉ0 वीके सिंह के द्वारा जिले में ओवर लोड वाहनों पर कारवाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अधिकारियों की मिली भगत के कारण पूर्ण रुप से इन पर अंकुश नहीं लग रहा है, जिससे आये दिन कोई न कोई हादसा हो रहा है। गन्ना भरे ओवरलोड ट्रक मौत बनकर दौड़ रहे हैं। जिसके कारण राहगीरों पर हर समय खतरा मंडराता रहता है। शुक्रवार को नायब तहसीलदार अनवर हुसैन किसी काम से क्षेत्र में जा रहे थे। उसी दौरान ओवरलोड ट्रक से गन्ने का ग_र कार के ऊपर आ गिरा। जिस कारण नायब तहसीलदार की कार पलटते-पलटते बची और वह बाल-बाल बच गये। इसके बाद तहसीलदार एक्शन में दिखायी दिये और दर्जनों ट्रक पकड़ कर तहसील गेट पर खड़े कर दिए। नायब तहसीलदार द्वारा गन्ने से लदे वाहनों को पकड़ लेने की जानकारी जैसे ही गन्ना विभाग के अधिकारियों को लगी, वैसे ही पहुंच गये। यह तो एक अधिकारी की जान पर आ बनी तो कार्यवाही याद आयी लेकिन आम नागरिक जो आये दिन इन वाहनों की चपेट में आकर घायल हो जाते है, कई लोग अपनी जान भी गवां चुके है, लेकिन अधिकारियों को उनकी कोई परवाह नहीं और न ही कोई अधिकारी आया। आज जब नायब तहसीलदार इसकी चपेट में आ गये तो उन्हें भी ओवरलोड वाहन दिखायी देने लगे। जबकि वह इसी मार्ग से एक नहीं कई बार अपने वाहन से आवागमन करते है, लेकिन उन्हें गन्ने लदे ओवर लोड वाहन नहीं दिखायी दिये। यही हाल एआरटीओ परिवर्तन का है। देखा जाये इन सबके लिए कोई एक अधिकारी जिम्मेदार नहीं है। इसके लिए जिन मार्गों से यह ओवरलोड वाहन गुजरते है उनके पडऩे वाले थाना चौकी भी उतनी ही जिम्मेदार है। इन्हें भी यह वाहन नहीं दिखायी देते है। नीचे से लेकर ऊपर तक सभी अंजान बने हुए है। जबकि शासन के सख्त निर्देश है कि कोई भी ओवरलोड वाहन मार्ग से नहीं गुजरे और जो वाहन जिस कार्य के लिए अधिकृत है उस वाहन से वही कार्य किया जाये। कुछ टै्रक्टर ट्राली ने ट्राला का रुप ले रखा है जो पूर्ण रुप से प्रतिबंधित है, लेकिन उसके बावजूद आप को खुलेआम क्षमता से कई गुना अधिक माल लादकर सडक़ से गुजरते दिखायी देगें। जिन्हे कार्यवाही करनी है उन्हें क्यूं नहीं दिखायी देते है अब यह तो जिम्मेदार अधिकारी ही जाने।
ओवरलोड ट्रक से नायब तहसीलदार की गाड़ी पर गिरी गन्ने फांदी, बाल-बाल बचे
