नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…………

देवराहा बाबा की तपोस्थली पर हर्षोल्लास से मना जन्माष्टमी का पर्व
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। प्राचीन स्थल देवराहा बाबा की तपोस्थली, ठाकुर द्वारा महाराज के स्थान पर शनिवार की रात जन्माष्टमी महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास व भव्यता के साथ मनाया गया। परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी कस्बा और क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पहुँचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। जैसे ही घड़ी ने मध्यरात्रि के 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का शुभ क्षण दर्शाया, वैसे ही पूरा पंडाल हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के नारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंदोत्सव का उल्लास एक दूसरे के साथ साझा किया और वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की विशेषता रही कानपुर से आई कलाकार गुडिय़ा, सलोनी, शैलजा कपूर और नीरज गौड़ की भजन संध्या, उनके मधुर स्वर और भक्तिरस से सराबोर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। नंद घर आनंद भयो और जय कन्हैया लाल की के भजनों पर भक्त झूम उठे। ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। उन्होंने अपने ग्रामवासियों के सहयोग से पूरे कार्यक्रम को भव्य रूप दिया। ग्राम प्रधान ने कहा कि यह पर्व केवल आस्था का ही नहीं बल्कि सामाजिक एकता और उत्साह का प्रतीक भी है। हर वर्ष हम सब मिलकर इसे धूमधाम से मनाते हैं। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था। रंग बिरंगी लाइटें, झांकियाँ, पुष्प सज्जा और भजनों की गूंज से वातावरण दिव्य बना रहा। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *