
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। परमार्थ सेवा संस्थान अब बाढ़ पीडि़तों की मदद में भी आगे आयी है।
बताते चलें कि परमार्थ संस्था सर्दी में ठिठुरते लोगों को जहां गर्म वस्त्र तथा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करती है, वहीं पिछले काफी समय से फूड वैन के माध्यम से मोहल्ले-मोहल्ले जाकर गरीबों को नि:शुल्क भोजन का वितरण कर रही है। अब संस्था बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए भी आगे आयी है। संस्था प्रमुख केशव भान साध दिल्ली से आ गये है। संस्था की टीम के हितेशमनी साध, रोहित साध, राबिन शाह साध, अंकित साध, अधिकारी लाल साध, शुभम, शनि साध, राकेश सक्सेना, शामबाबू वर्मा, रामसनेही, नर सिंह, रामविलास, अरविंद, मेवाराम और लक्ष्मण सिंह एडवोकेट ने मंडी अर्रा पहाड़पुर, रहमानी स्कूल में लंच पैकेट वितरण किये। यहां पर गंगपुर, रूपपुर, मंगलीपुर, धर्मपुर और गुलरिया आदि गांवों के पीडि़तों को भोजन कराया गया। परमार्थ संस्थान के अध्यक्ष केशवभान सहित पदाधिकारियों की टीम ने खुद गंगा नदी की कटरी में 2 स्टीमर पर 700 लंच पैकेट भोजन वितरण किया। उन्होंने बताया कि कटरी धर्मपुर, कटरी शिकारपुर, कटरी गंगपुर, बेंचे की मड़ैया, वीर सहाय की मड़ैया, पंखियां मड़ैया आदि बाढ़ पीडि़तों में भोजन का वितरण किया। संस्था प्रमुख केशव भान साध ने कहा कि संस्था को इस बाढ़ के संकट की घड़ी में आप सब लोगों का सहयोग अपेक्षित है। आप जिस किसी तरह का सहयोग करेंगे लोक कल्याण का कार्य तभी संभव है और जब तक बाढ़ पीडि़तों को सहयोग की आवश्कता रहेगी हमारी टीम सहयोग करती रहेगी। टीम के साथ आपका एक कदम ही हमारा सच्चा मार्ग दर्शनऔर लक्ष्य प्राप्त करना कर्तव्य है। साथ ही वहीं केशव भान साध ने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा का यह क्रम यूं ही अनवरत चलता रहेगा।
