फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आयुष मंत्रालय द्वारा देश में चलाये जा रहे प्रकृति परीक्षण अभियान के तहत मेजर एस0डी0 सिंह पी0जी0 आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल के चिकित्सक आये दिन कई गांवों में कैंप लगाकर लोगों का प्रकृति परीक्षण कर रहे हैं। यह अभियान एक राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य जागरूकता पहल है और इसका उद्देश्य पूरे भारत में स्वास्थ्य सेवा जागरूकता में क्रांतिकारी बदलाव लाना है। चिकित्सकों ने कहा कि यह पहल आयुर्वेद को हर घर के करीब लाती है। नागरिकों को अपनी अनूठी प्रकृति को समझने और व्यक्तिगत निवारक स्वास्थ्य प्रथाओं को अपनाने के लिए सशक्त बनाती है। प्रकृति परीक्षण अभियान वात, पित्त और कफ दोषों के आयुर्वेदिक सिद्धांतों के आधार पर किसी व्यक्ति की अद्वितीय मन, शरीर संरचना या प्रकृति की पहचान करने पर केंद्रित है। यह ज्ञान प्रतिभागियों को बेहतर स्वास्थ्य और बीमारी की रोकथाम के लिए अपनी जीवनशैली, आहार और व्यायाम दिनचर्या को अनुकूलित करने में सक्षम बनाता है। इसी क्रम में मंगलवार को मेजर एस0डी0 सिंह पी0जी0 आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने जनपद के आधा दर्जन स्थानों पर कैंप लगाया। प्रथम कैंप ग्राम पखना में डॉ0 विकास, डॉ0 पियूष, डॉ0 कविता, डॉ0 सुहेबा के नेतृत्व में लगाया गया। द्वितीय कैंप ग्राम पमरखिरिया में डॉ0 आनन्द व डॉ0 अरीब की देखरेख में लगाया गया। तृतीय कैंप ग्राम रोहिला में डॉ0 नीतूश्री की देखरेख में लगाया गया। चतुर्थ कैंप ग्राम चुरसई में डॉ0 रीता सिंह, डॉ0 रसना, डॉ0 मधुरंजन की देखरेख में लगाया गया। पंचम कैंप के0डी0 बालिका में डॉ0 अरिमर्दन सिंह की देखरेख में लगा। छठा कैंप ग्राम पिपरगांव में डॉ0 अंजना दीक्षित, डॉ0 शिवओम, डॉ0 संकल्प, डॉ0 शिवा प्रसाद, डॉ0 शेष देवदास, डॉ0 सौभाग्य रंजन पारीजा, डॉ0 अरुण पाण्डेय, डॉ0 मुकेश विश्वकर्मा आदि छात्र-छात्रायें एवं इन्टर्न एवं पी.जी. स्कॉलर मौजूद रहे।
प्रकृति परीक्षण राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य जागरूकता पहल है
