फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। 12 यूपी बटालियन के कमाण्डिंग आफीसर कर्नल एएस मलिक विशिष्ट सेवा मेडल के दिशा-निर्देश के अनुसार आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैण्ट में समर्थ भारत सक्षम सेना थीम पर आधारित भारतीय सेना दिवस को बड़े धूमधाम से मनाया गया। आर्मी पब्लिक स्कूल के 12 यूपी बटालियन के एनसीसी कैडिट्स ने अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। मुख्य अतिथि सैन्य अस्पताल के अधिकारी मेजर आलोक दुबे रहे। कार्यक्रम के प्रारम्भ में कैडिट मानवी ने अपने अंग्रेजी भाषण में भारतीय सेना दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कैडिट सुनिधि ने भारतीय सेना के प्रदर्शित पराक्रमों का उल्लेख करते हुए उनके युद्ध कौशल तथा अद्वितीय देश भक्ति का बखान किया। कैडिट अक्षय ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से भारतीय सेना के इतिहास एवं उसकी क्रिया विधि का प्रदर्शन कर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि मेजर आलोक दुबे ने सभी एनसीसी कैडिट्स को सेना के विभिन्न पदों पर भर्ती होकर देश की सेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानाचार्य संजीव ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एएनओ लेफ्टिनेंट चंचल शर्मा, शिक्षक सर्वेश कुमार मिश्र सहित आदि लोग उपस्थित रहे।
एनसीसी कैडिट्स ने मनाया भारतीय सेना दिवस
