लखनऊ: यूपी के 5 जिलों में नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे. केंद्रीय कैबिनेट ने इसकी मंजूरी दे दी है. जिन जिलों में सेंट्रल स्कूल खुलेंगे, उनमें अयोध्या, जौनपुर, कन्नौज, बिजनौर और महराजगंज शामिल हैं. नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना के साथ ही उत्तर प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर 127 हो जाएगी. सरकार ने जमीन चिन्हित कर पहले ही केंद्र को भेजी थी, जिसके बाद प्रस्ताव पर अब मुहर लग गई है. केंद्रीय विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का काफी आकर्षण है. हर साल केवी में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है. सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में केंद्रीय विद्यालयों के छात्रों का प्रदर्शन लगातार सर्वश्रेष्ठ रहा है. इसीलिए प्रदेश में नए खुलने वाले 5 केवी से गुणवत्तापरक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा.प्रदेश में खुलने वाले प्रत्येक केंद्रीय विद्यालय में 960 विद्यार्थियों की क्षमता होगी. जिसमें 63 लोगों को स्थाई रोजगार प्राप्त होगा. वहीं पूरे प्रदेश की बात करें तो इन विद्यालयों के खुलने से 4800 विद्यार्थियों को दाखिला मिलेगा. वहीं 315 लोगों को स्थाई रोजगार प्राप्त होगा. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार सभी केंद्रीय विद्यालयों को पीएम श्री स्कूल के रूप में नामित किया गया है, जो एनईपी 2020 के अनुसार संचालित होंगे.
