
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा कार्यालय पर भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता का अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम आरंभ होने से पूर्व पार्टी कार्यालय के मीटिंग हॉल में मंत्रोचार के साथ रुद्राभिषेक का कार्य आरंभ हुआ एवं रुद्राभिषेक के उपरांत भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता सहित पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ0 भूदेव सिंह राजपूत व अन्य कार्यकर्ताओं ने हवन में आहुतियां डाली। अभिनंदन समारोह में पार्टी पदाधिकारियों ने भाजपा जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता को स्मृति चिन्ह भेंट किए। अभिनंदन समारोह में भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा भाजपा का संगठन विश्व का सबसे बड़ा संगठन है जो कार्यकर्ताओं पर आधारित है। भाजपा संगठन जुझारू व परिश्रमी कार्यकर्ता का मूल्यांकन करके उनको बड़ी जिम्मेदारी देने का कार्य करती है और ऐसे कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा राष्ट्र सेवा जैसे कार्यों को आगे ले जाने का कार्य करते हैं। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगठन में एक कार्यकर्ता के रूप में कार्य किया और आज वह देश के प्रधानमंत्री हैं। आगे आने वाले समय में हम सभी कार्यकर्ताओं को बड़ी चुनौतियों का सामना करना है। 2024 के लोकसभा के चुनाव में घमंडियां गठबंधन (आईएनडीआईए) का वही परिणाम होगा जो कल के एशिया कप क्रिकेट मैच में भारत ने श्रीलंका का किया है। डॉ0 भूदेव सिंह राजपूत ने कहा संगठन का जब नेतृत्व मजबूत होता है तभी लक्ष्य को प्राप्त करने में सफलता प्राप्त होती है। पार्टी के प्रति नकारात्मक सोच संगठन की नींव को कमजोर करती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को विनम्र होकर और समर्पित मन से कार्य करना चाहिए। संगठन से ही प्रत्येक कार्यकर्ता की पहचान होती है। भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने कहा किसी भी कार्यकर्ता को छोटी सोच के साथ कार्य नहीं करना। संगठन में गुटबाजी का कोई स्थान नहीं है। 2024 लोकसभा के लक्ष्य को देखते हुए कार्यकर्ता को अभी से जुट जाने की आवश्यकता है विपक्ष का बनाया हुआ गठबंधन जनता को भ्रमित करने के प्रयास कर रहा है, लेकिन हमें अपनी विचारधारा, सरकार की योजनाएं और संगठन की क्षमता के साथ कार्य करना है। विपक्ष के पास हमको पराजित करने का कोई मुद्दा नहीं है। इस मौके पर पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, पूर्व विधायक अमर सिंह खटीक, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक ठाकुर वीरेंद्र सिंह राठौड़, हिमांशु गुप्ता ने विचार व्यक्त किया। संचालन जिला महामंत्री डीएस राठौर ने किया। इस अवसर पर संजीव गुप्ता, सुनील रावत, अमरदीप दीक्षित, गोपाल राठौड़, अभिषेक बाथम, जय गंगवार, बबीता पाठक, जिला उपाध्यक्ष अशनील दिवाकर, श्रीकृष्ण गौतम, राजवती बाथम, सरस्वती वर्मा, मदीना बेगम, सिद्धांत सिंह, विकास पांडे, शिवांग रस्तोगी, मनोज गंगवार, पीयूष त्रिपाठी, नवनीत पाल, राकेश सिंह, सर्वेश कुशवाहा आदि लोग मौजूद रहे।
