संदिग्ध परिस्थितियों में नव विवाहित की उपचार के दौरान मौत

मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर लगाया प्रताडि़त करने का आरोप
भाई की तहरीर पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पीएम के लिए भेजा
क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर की जांच, फोरेंसिक टीम ने लिये नमूने
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज।
संदिग्ध परिस्थितियों में नव विवाहित की उपचार के दौरान मौत हो गयी। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर असदुल्ला निवासी सोनू की 25 वर्षीय पत्नी नीलम ने शुक्रवार को गृह कलह के चलते किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालत बिगडऩे के बाद घबराए परिजनों ने नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहा गंभीर हालत में चिकित्सकों ने लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालत में सुधार ना होने पर महिला को जनपद के एक प्राईवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां बीते दिवस की रात्रि उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मायके खंदरा जनपद इलाहाबाद दी गई। जिस पर भाई राजेश कुमार, माता मीना देवी तथा रिश्तेदार शिवमूर्ति मौके पर पहुंचे तथा शव देखते ही रोने बिलखने लगे। मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर बहन को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया। मृतका के भाई ने सूचना शमशाबाद थाना पुलिस को दी। जिस पर थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटना की जांच पड़ताल कर सूचना उच्चाधिकारियों को दी। वहीं सूचना के आधार पर क्षेत्राधिकारी कायमगंज, नायब तहसीलदार कायमगंज मौके पर पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल की। जिला मुख्यालय से आई फोरेंसिस टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर नमूने लिए। मृतक महिला के भाई ने शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराये जाने की मांग की। पुलिस ने भाई की तहरीर पर शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतका के ससुर ने बताया 14 माह पूर्व सोनू का विवाह नीलम से हुआ था। विवाह के बाद संतान नहीं थी। आपसी विवाद की जानकारी नहीं दी गई। मृतका की मौत को लेकर पुलिस का कहना था मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। फिलहाल तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *