समृद्धि न्यूज। मेरठ-करनाल हाईवे पर भूनी टोल प्लाजा पर आर्मी जवान कपिल सिंह से मारपीट के मामले में एनएचएआई ने टोल कंपनी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने की प्रक्रिया शुरू की है।
मेरठ-करनाल हाईवे (एनएच-709ए) स्थित भूनी टोल प्लाजा पर 17 अगस्त की रात सेना के जवान कपिल सिंह जो ड्यूटी जॉइन करने श्रीनगर जा रहे थे, टोल कर्मियों की बर्बरता का शिकार हो गए। सोशल मीडिया पर गुस्से की लहर दौड़ गयी। कपिल अपने चचेरे भाई के साथ दिल्ली एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। टोल प्लाजा पर लंबी कतार और समय की कमी को देखते हुए उन्होंने टोल स्टाफ से अनुरोध किया कि गाड़ी आगे बढ़ाने दी जाए, लेकिन बात इतनी बिगड़ी कि टोल कर्मियों ने जवान पर हमला कर दिया। न सिर्फ उन्हें पीटा गया, बल्कि पोल से बांधकर लाठी डंडों से हमला किया गया। एक कर्मचारी ने तो ईंट तक उठाने की कोशिश की, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। जिसके बाद पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया। अब इस मामले में एनएचएआई ने टोल कंपनी पर एक्शन लिया है। टोल वसूलने वाली कंपनी धर्म सिंह एंड कंपनी पर एनएचएआई ने 20 लाख का भारी जुर्माना लगाया है, इसके साथ ही कंपनी के खिलाफ अनुबंध समाप्त करने और आगे किसी भी टोल प्रोजेक्ट की बोली में हिस्सा लेने से रोकने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे व्यवहार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने तुरंत 4-6 लोगों को गिरफ्तार किया और सीसीटीवी फुटेज से अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा पर तोडफ़ोड़ कर विरोध जताया, जिससे तनाव बढ़ गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना सैनिकों के प्रति सम्मान और टोल प्लाजा सुरक्षा पर सवाल उठा रही है।
मेरठ: आर्मी जवान के साथ मारपीट करने वाली टोल कम्पनी पर एनएचएआई लगाया 20 लाख का जुर्माना
