नोएडा: वैलेंटाइन डे पर कार में मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव, दोनों के लगी थी गोली

नोएडा: नोएडा के सेक्टर-107 में वैलेंटाइन डे पर कार के अंदर प्रेमी-प्रेमिका के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों आगे की सीट पर खून से लथपथ पाए गए। पुलिस को मौके से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं।
वैलेंटाइन डे पर नोएडा में कार से प्रेमी-प्रेमिका के शव मिलने के मामले में कई नए खुलासे हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले 15 साल से रिलेशनशिप में थे,आरोप है कि युवती किसी और से शादी करने जा रही थी, जिससे विवाद बढ़ गया। पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मानकर जांच कर रही है और सभी एंगल से पड़ताल जारी है। जानकारी के अनुसार मृत युवती की पहचान रेखा के रूप में हुई है, जो नोएडा सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वहीं युवक की पहचान सुमित के रूप में हुई जो दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला था, दोनों लंबे समय से एक दूसरे के संपर्क में थे और रिलेशनशिप में थे।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सेक्टर-107 के पास सडक़ किनारे एक कार काफी देर से खड़ी देख स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। जब एक राहगीर ने कार के अंदर झांककर देखा तो सामने की सीट पर एक युवक और युवती खून से लथपथ पड़े दिखाई दिए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा खोलकर दोनों को बाहर निकाला, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। एसीपी प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, संभावना है कि दोनों ने एक दूसरे को गोली मारकर आत्महत्या की हो, हालांकि इस संबंध में अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं घटना के पीछे कोई अन्य कारण या तीसरे व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *