अदब और एहतराम के साथ अदा की गई अलविदा की नमाज

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रमजान के मुक्कदम महीने के आखिरी जुमे पर शहर की प्रमुख मस्जिदों में एहतराम और अकीदत के साथ अलविदा की नमाज पढ़ी गई। मौलानाओं व इमामों ने अपने-अपने मुर्करर मस्जिद दोपहर में पहुंचकर रोजेदारों और नमाज पढऩे आये लोगों को अमन और शांति का संदेश देते हुए अलविदा की नमाज पढ़ाई। नगर की प्रमुख मस्जिद घुमना स्थित जामा मस्जिद में शाही इमाम मुफ्ती मुअज्जम अली ने नमाज पढ़ाई। इस मौके पर उन्होंने खिताब करते हुए कहा कि इंसान को अपने गुनाहों से तौबा करना चाहिए। अल्लाह की बारगाह में अपनी खता कबूल करने वालों के गुनाह माफ हो जाते है। उन्होंने कहा कि हम बिखरे हुए है इस कारण से कमजोर पड़ जाते है, एकजुट रहे तो मजबूत रहेगे। दुनियां की सबसे बड़ी आबादी होने के बावजूद हम एकता के अभाव में तिनके की तरह उड़ा दिये जाते है। उन्होंने कहा कि इस्लाम अमन और शांति का मजहब है। इसलिए अमन और शांति का पैगाम घर-घर पहुंचना चाहिए। ईश्वर ने हम लोगों को इबादत करने के लिए दुनिया में भेजा है। इंसान का जन्म लेकर अल्लाह की इबादत कर लो, यही साथ जायेगा। रुपया-पैसा, हाथी घोड़ा कुछ नहीं साथ जाता। इमान, आमाल और नेकिया ही चलते वक्त आदमी के साथ में होती है। उन्होंने कहा कि ईद की नमाज सुबह ८.१५ बजे नई ईदगाह में व ८:३० बजे पुरानी ईदगाह में होगी। ९ बजे सुनहरी मस्जिद, १० बजे फतेहगढ़ में ईद की नमाज होगी। मौलाना ने अमन और शांति बरकरार रखने की गुजारिश की। शहर की सुनहरी मस्जिद में सैय्यद मेराज अली जाफरी ने नमाज अदा करायी। प्रमुख मस्जिदों में अलविदा की नमाज भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। डीएम एसपी नजर बनाये रहे। सीओ, कोतवाल, पुलिस पीएससी का पहरा बना रहा।
डीएम, एसपी ने किया फ्लेग मार्च
फर्रुखाबाद। अलविदा की नमाज को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ0 वीके सिंह, एसपी विकास कुमार, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल, सीओ सिटी प्रदीप कुमार ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर में फोर्स के साथ पैदल गस्त किया। जिलाधिकारी ने बताया कि शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से फ्लेग मार्च किया गया है। शुक्रवार को पूरे जनपद में फ्लेग मार्च किया गया। इसके अलावा मस्जिदों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रहा। जो चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *