कायमगंज, समृद्धि न्यूज। नर्सरी में पौधे सीधे करते समय युवक को वहां बैठे सर्प ने डस लिया। उसे सीएचसी ले जाया गया। जहां से चिकित्सक ने उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कम्पिल थाना क्षेत्र के गॉव रुस्तमनगर जमुनी नगला निवासी राजीव उम्र 25 वर्षीय पुत्र महावीर उर्फ राजवीर की गॉव में नर्सरी है। मंगलवार को वह अपनी नर्सरी पर जाकर पेड़ सीधे कर रहा था। उसी समय अचानक पौधों के पास बैठे सांप ने राजीव के पैर में डस लिया। परिजनों ने पैर में रस्सी व अंगौछे से पैर को कसकर बांध दिया और उपचार के लिए कायमगंज नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आये। जहाँ डा0 अमित कुमार उसका उपचार करने आये और आते ही पैर में बंधी रस्सी व अंगौछा खोलने लगे, तभी साथ आये अवधेश ने डा0 अमित को मना कर दिया। गुस्साए डॉ0 अमित ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर होने पर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसी दौरान अवधेश ने बताया कि मेरे गाँव के रिश्तेदार नत्थू पुत्र चिरौंजीलाल को भी साँप ने डस लिया था। हमने पिता के कहने पर पैर में रस्सी बांध दी थी। उपचार के लिए इसी हॉस्पीटल में लेकर आये थे। इन्हीं डक्टर ने उसके पैर मे बन्दी रस्सी खोल दी और कुछ देर बाद उसकी हालत बिगडऩे लगी, तो डाक्टर ने लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। लोहिया अस्पताल ले जाते समय रास्ते मे नत्थू की मौत हो गई थी।
सर्प के काटने से नर्सरी संचालक की हालत बिगड़ी, लोहिया रेफर
